यहां सरेआम बिक रहे हैं रेप के वीडियो, लग रही है खरीदारों की लाइन
एक तहकीकात में पता चला है कि रेप के वीडियो क्लिप दुकानदारों के हाथ लगते हैं और वे इन्हें कई पेन ड्राइव में शेयर कर बेच रहे हैं।
नई दिल्ली। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रेप और यौन उत्पीड़न के वीडियो सरेआम बेचे जा रहे हैं। पीड़ितों को ब्लैकमेल करने के लिए आरोपी खुद ऐसे वीडियो बना रहे हैं। ये वीडियो तब लीक हो जाते हैं जब आरोपी अपना फोन सर्विस के लिए लेकर दुकानों में जाते हैं।

इंडिया टुडे की एक तहकीकात में पता चला है कि रेप के वीडियो क्लिप दुकानदारों के हाथ लगते हैं और वे इन्हें कई पेन ड्राइव में शेयर कर बेच रहे हैं। इन क्लिप्स में न सिर्फ लड़कियों से रेप और गैंगरेप को दिखाया जा रहा है बल्कि बच्चों के यौन उत्पीड़न को भी सरेआम बेचा जा रहा है।
10 से 20 रुपये में बिक रहे हैं वीडियो
रिपोर्ट में बताया गया है कि ये वीडियो 10 रुपये से 20 रुपये के बीच बेचे जा रहे हैं। उन्हें पेन ड्राइव और फोन में ट्रांसफर करके बेचा जा रहा है। सहारनपुर जिले के एक युवक ने बताया कि पास के गांव से वह अक्सर ऐसे वीडियो लाता है और देखता है।
लैपटॉप में बना रखी है लाइब्रेरी
युवक ने उस शख्स का नाम बताने से इनकार कर दिया लेकिन यह बताया कि उसके लैपटॉप में रेप वीडियो की पूरी लाइब्रेरी है। उसने यह भी कहा कि ऐसे वीडियो देखकर उसे सुकून मिलता है।
डीआईजी बोले- क्या होता है रेप वीडियो?
अगस्त में पुलिस ने ऐसे मामलों में कार्रवाई की थी और 35 लोगों को गिरफ्तार किया था। सहारनपुर रेंज के डीआईजी एके शाही ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि किस तरह के रेप के वीडियो बिक रहे हैं। उन्होंने कहा, 'रेप वीडियो?...ये क्या होता है?'
मेरठ रेंज के आईजी अजय आनंद ने कहा कि वह कुछ दिन पहले ही वहां पोस्टिंग पर आए हैं इसलिए अभी ज्यादा चीजों से वाकिफ नहीं हैं। रिपोर्ट में बताया कि लोग रेप के वीडियो देखकर वैसा ही करने के लिए बहक रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications