पाकिस्तान में 2 सालों से फंसा है रामपुर का ये परिवार, शादी में गए थे लेकिन ऐसा क्या हुआ जो नहीं लौट पाए
Rampur News: उत्तर प्रदेश के रामपुर का एक परिवार पिछले दो साल से पाकिस्तान में फंसा हुआ है। वो भारत वापस आने के लिए परिवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार से मदद की गुहार लगाई है। दरअसल, रामपुर का शख्स पाकिस्तान में अपने साले की शादी में शामिल होने के लिए अपनी पत्नी और बच्चों के साथ गया था।
इसके बाद से यह पूरा परिवार पाकिस्तान में फंसा हुआ है। खबर के मुताबिक, माजिद हुसैन की शादी पाकिस्तान निवासी ताहिर जबीन के साथ हुई थी। ताहिर जबीन 2007 लॉन्ग टर्म वीजा पर भारत आई थीं और रामपुर में अपने पति के साथ रहने लगी। शादी के बाद माजिद हुसैन के तीन बच्चे हुए।

साल 2022 में ताहिर जबीन के भाई की शादी थी, भाई की शादी में शामिल होने के लिए वो (ताहिर जबीन) अपने पति माजिद हुसैन और तीनों बच्चों के साथ नूरी वीजा पर पाकिस्तान गईं। लेकिन, किसी कारण से वीजा के दो दिन निकल गए, जिससे वे वहां फंसकर रह गईं और भारत वापस नहीं आ सके।
वहीं, अब रामपुर में माजिद हुसैन की मां और बहन सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। खबर के मुताबिक, माजिद हुसैन की मां फमीद का बयान सामने आया है। हुसैन की मां फमीद ने बताया कि बेटा-बहू शादी में शामिल होने के लिए तीन महीने के वीजा पाकिस्तान गए थे।
अब मुझे नहीं पता कि वहां क्या हुआ, किसी कारण से वीजा की दो तारीख खत्म हो गई, जिसके कारण वह वहीं फंस गई है। उन्होंने बताया कि बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं और उन्होंने अपनी फीस भी भर दी है। वे वीजा पाने के लिए बहुत कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अभी तक सफल नहीं हो पाए हैं।
माजिद की मां ने बताया कि उन्होंने सरकार से अपील की है और सभी जरूरी दस्तावेज भेज दिए हैं। उन्होंने कहा,'मैं चाहती हूं कि मेरा बेटा अपनी पत्नी और बच्चों के साथ वापस आ जाए।' माजिद के भाई माहिर हुसैन ने कहा कि उनकी मौसी पाकिस्तान से हैं और अब उनका भाई दो साल से वहां फंसा हुआ है।
उन्होंने कहा,'सरकार से हमारी बस यही गुजारिश है कि हमारे भाई और भाभी को वीजा मिल जाए ताकि वे यहां वापस आ सकें।' खबर के मुताबिक, हुसैन की मां ने बताया कि 2022 में वो पाकिस्तान गए थे, अब उन्हें अक्तूबर में 2 साल हो गए। बेटे का फोन आता है, वह बहुत परेशान है।
वो कहता है कि मैं यहां फंसा हुआ हूं, मुझे वापस बुला लो। मैं चाहती हूं कि मेरा बेटा-बहू और पोते सब अपने वतन वापस आएं। वहीं, अब हुसैन के परिवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार से मदद की गुहार लगाई है।












Click it and Unblock the Notifications