मांस-मदिरा, जनेऊ, शिखा और कपड़े! राम मंदिर के पहले CEO के इंटरव्यू में क्या-क्या पूछा गया?
Ram Mandir CEO Interview: राम मंदिर के लिए पहली बार पूर्णकालिक सीईओ की नियुक्ति की प्रक्रिया तेज हो गई है। मंगलवार को चुने गए उम्मीदवारों के इंटरव्यू शुरू हुए। इस दौरान उम्मीदवारों से प्रशासनिक क्षमता के साथ-साथ उनकी धार्मिक आस्था और राम मंदिर को लेकर विजन से जुड़े सवाल भी पूछे गए। रिपोर्ट के मुताबिक, उनसे पूछा गया कि क्या वे शिखा रखते हैं, जनेऊ पहनते हैं, नॉन वेज खाते हैं या शराब का सेवन करते हैं।
इसके अलावा हिंदू धार्मिक रीति-रिवाजों के मुताबिक कपड़े पहनने को लेकर उनकी सहजता भी जानी गई। इंटरव्यू करीब 40 से 50 मिनट तक चला। अब 18 उम्मीदवारों में से तीन नाम शॉर्टलिस्ट किए जाएंगे, जिनमें से एक को ट्रस्ट सीईओ नियुक्त करेगा।

धार्मिक आस्था से जुड़े सवाल
इंटरव्यू के दौरान उम्मीदवारों से भगवान राम में उनकी आस्था और हिंदू धार्मिक परंपराओं को लेकर सवाल किए गए। रिपोर्ट के मुताबिक, उनसे पूछा गया कि क्या वे शिखा रखते हैं, जनेऊ पहनते हैं और शाकाहारी भोजन करते हैं। शराब के सेवन को लेकर भी सवाल किया गया। इसके अलावा उम्मीदवारों से यह भी पूछा गया कि क्या वे हिंदू धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार कपड़े पहनने में सहज होंगे।
ये भी पढे़ं: राम मंदिर CEO पद के लिए लगी होड़, 5300 लोगों ने किया अप्लाई, कितने हुए शॉर्टलिस्ट?
पूर्व IAS-IPS और सैन्य अधिकारी दौड़ में
राम मंदिर के पूर्णकालिक सीईओ पद के लिए कई अनुभवी अधिकारियों ने आवेदन किया है। मंगलवार को इंटरव्यू देने वालों में पूर्व आईपीएस अधिकारी राजेश पांडेय और जौनपुर के पूर्व जिलाधिकारी दिनेश चंद्र शामिल रहे। पूर्व आईएएस अधिकारी योगेश्वर राम मिश्रा और समीर पांड्या का नाम भी उम्मीदवारों में बताया जा रहा है। इसके अलावा पूर्व सैन्य अधिकारियों ने भी इस पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की है।
18 उम्मीदवारों में से 8 का इंटरव्यू
इस पद के लिए करीब 5200 आवेदनों में से 18 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए चुना गया है। मंगलवार को इनमें से आठ उम्मीदवारों का साक्षात्कार हुआ। पहले माना जा रहा था कि पूरी प्रक्रिया दो दिन में खत्म हो जाएगी, लेकिन अब इंटरव्यू की प्रक्रिया करीब चार दिन और चलने की उम्मीद है। उम्मीदवारों से प्रशासनिक अनुभव के साथ मंदिर के कामकाज और भविष्य की व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल पूछे जा रहे हैं।
सुबह 10 बजे शुरू हुई प्रक्रिया
सभी चयनित उम्मीदवार सोमवार देर रात अयोध्या पहुंचे थे। ट्रस्ट की ओर से उनके ठहरने की व्यवस्था की गई थी। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे उम्मीदवार राम मंदिर परिसर पहुंचे और सुबह 10 बजे इंटरव्यू की प्रक्रिया शुरू हुई। बताया गया कि साक्षात्कार अयोध्या में तीर्थयात्री सुविधा केंद्र के सम्मेलन कक्ष में हुआ। उम्मीदवारों को मीडिया से बातचीत नहीं करने का निर्देश दिया गया था और इंटरव्यू पूरा होने के बाद उन्हें एयरपोर्ट पहुंचाया गया।
ये भी पढे़ं: संसद में साधु बने पप्पू यादव, राहुल गांधी ने जैसे ही डाला दान, पेटी लेकर हो गए रफूचक्कर
तीन नामों में से एक बनेगा CEO
इंटरव्यू के बाद चयन समिति 18 उम्मीदवारों में से तीन नाम शॉर्टलिस्ट कर मंदिर ट्रस्ट को भेजेगी। इसके बाद ट्रस्ट इन तीन नामों में से किसी एक को राम मंदिर का पूर्णकालिक सीईओ नियुक्त करेगा। चयन समिति में सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) विष्णुकांत चतुर्वेदी और पूर्व वैज्ञानिक सुरेश हवारे शामिल हैं। पूर्णकालिक सीईओ की नियुक्ति का फैसला मंदिर में चढ़ावे की चोरी के आरोपों के बाद लिया गया है।


Click it and Unblock the Notifications
