पार्टी को मुसलमानों को टिकट देना चाहिए था- राजनाथ सिंह
राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा को उत्तर प्रदेश में मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट देना चाहिए था, बोले पार्टी को जिताउ उम्मीदवार नहीं मिल पाया जिसके चलते नहीं दिया गया टिकट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने इस बार एक भी मुस्लिम उम्मीदवार को मैदान में नहीं उतारा है, भाजपा के मुस्लिमों को टिकट नहीं देने के चलते तमाम विरोधी उसे घेर रहे हैं, लेकिन अब पार्टी को अपने ही बड़े नेता राजनाथ सिंह के बयान के बाद आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। राजनाथ सिंह ने भी इस बात का स्वीकार किया है कि पार्टी को इस चुनाव में मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट देना चाहिए था। एक टीवी साक्षात्कार में राजनाथ सिंह ने कहा कि हमने कई राज्यों में मुसलमानों को टिकट दिए हैं, यूपी में भी इसको लेकर बातचीत हुई होगी, लेकिन मैं वहां नहीं था।


मैच जिताउ उम्मीदवार नहीं मिले
राजनाथ सिंह ने कहा कि मेरी जानकारी के अनुसार पार्टी को कोई मजबूत मुस्लिम उम्मीदवार नहीं मिला होगा जिसके चलते किसी भी मुस्लिम उम्मीदवार को टिकट नहीं मिला है, पार्टी को जिताउ उम्मीदवार नहीं मिला होगा जिसके चलते किसी भी मुस्लिम उम्मीदवार को टिकट नहीं मिला है। राजनाथ सिंह ने कहा कि मेरा मानना है कि मुसलमानों को टिकट मिलना चाहिए था। राजनाथ सिंह से जब पूछा गया कि क्या मुसलमानों को टिकट मिलना चाहिए था तो उन्होंने कहा कि हां उन्हें टिकट मिलना चाहिए था जो उसके हकदार थे।

तैयार करेंगे मुस्लिम उम्मीदवार
हालांकि राजनाथ सिंह ने कहा कि राज्य की कमेटी ने किसी भी मुस्लिम उम्मीदवार को टिकट नहीं दिया, लेकिन अगर कोई ऐसा उम्मीदवार होता जो चुनाव जीत सकता था तो उसे जरूर टिकट दिया गया होता, हम कोशिश करेंगे कि आने वाले समय में मुस्लिम उम्मीदवारों को भी तैयार किया जा सके। भाजपा का कहना है कि पार्टी में टिकट का बंटवारा पूरी तरह से जीत को आधार मानते हुए किया गया है, पार्टी ने जाति और धर्म के आधार पर टिकट नहीं बांटे गए हैं। आपको बता दें कि यूपी में कुल 19.3 फीसदी मुस्लिम उम्मीदवार हैं।

मैं सीएम का दावेदार नहीं
राजनाथ सिंह पहले ही इस बात को साफ कर चुके हैं कि वह प्रदेश के मुख्यमंत्री पद के दावेदार नहीं हैं और वह देश के गृहमंत्री का पद संभाल रहे हैं। हालांकि उन्होंने यह कहा कि पार्टी को मुख्यमंत्री पद का दावेदार का फैसला करना है। उन्होंने कांग्रेस और सपा के गठबंधन को ठगंबधन करार देते हुए कहा कि यह गठबंधन प्रदेश के लोगों को बेवकूफ बनाने के लिए किया गया है।

हम जीतेंगे 300 से अधिक सीटें
राजनाथ सिंह ने एक और साक्षात्कार में कहा था कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन नहीं भी हुआ होता तो भी भाजपा 300 से अधिक सीटें जीतती। उन्होंने कहा कि सपा-कांग्रेस के गठबंधन के बाद पार्टी को सिर्फ 30-40 सीटों पर असर पड़ेगा। वहीं राजनाथ सिंह ने इस इंटरव्यू में कहा कि पाकिस्तान को लश्कर ए तैयबा के मुखिया जोकि मुंबई हमले का मास्टर माइंड है उसे हमें सौंपना चाहिए ताकि उससे पूछताछ हो सके। पाकिस्तान ने हाल ही में सईद को नजरबंद किया है और उसके 40 समर्थकों के हथियारों का लाइसेंस रद्द किया है।












Click it and Unblock the Notifications