सीएम योगी ने पाल रखी है पुलिस की वर्दी में गुंडों की फौज: राज बब्बर
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एप्पल कंपनी के एरिया मैनेजर के पद पर काम करने वाले विवेक तिवारी की जिस तरह गोली मारकर हत्या कर दी गई, उसके बाद लगातार इस मुद्दे को लेकर सियासी दल योगी सरकार को घेर रहे हैं। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राज बब्बर ने ट्वीट कर कहा है कि मुख्यमंत्री ने पुलिस की वर्दी में गुंडों की फौज पाल रखी है।
यूपी में आम आदमी सुरक्षित नहीं
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राज बब्बर ने ट्वीट कर योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने अपनी ट्वीट में लिखा है कि मुख्यमंत्री को शर्म आनी चाहिए। लखनऊ में एक आम शहरी का एनकाउंटर कर दिया गया। मुख्यमंत्री ने पुलिस की वर्दी में गुंडों की फौज पाल रखी है। देश के गृहमंत्री के चुनाव क्षेत्र में भी आम आदमी सुरक्षित नहीं। प्रवचनकर्ता प्रधानमंत्री विवेक तिवारी के परिवार को क्या जवाब देंगे?

'लखनऊ की घटना कोई मुठभेड़ की वारदात नहीं'
वहीं, इस मामले पर सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कह चुके हैं कि लखनऊ की घटना कोई मुठभेड़ की वारदात नहीं है। हम इसकी पूरी जांच कराएंगे। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। आवश्यकता पड़ेगी तो हम सीबीआई को भी इसकी जांच सौंपेंगे।

विवेक की पत्नी ने मांगी सुरक्षा
लखनऊ गोलीकांड में मारे गए विवेक तिवारी की पत्नी कल्पना तिवारी ने सिपाही से अपनी जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा मांगी। विवेक के परिवार को सुरक्षा देने का आश्वासन बीजेपी मंत्री बृजेश पाठक ने दिया है। बता दें कि सोमवार को सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर कल्पना अपनी समस्याएं बताएंगी।

क्या था मामला
शुक्रवार की देर रात एप्पल कंपनी के एरिया सेल्स मैनेजर विवेक तिवारी अपनी कलीग सना खान को घर छोड़ने जा रहे थे। सना खान ने बताया कि सीएमएस गोमतीनगर विस्तार के पास उनकी गाड़ी खड़ी थी, तभी सामने से दो पुलिसवाले आए और इन्होंने बचकर निकलने की कोशिश की।' पुलिस वालों ने इन्हें रोकने की कोशिश की। सना खाने ने बताया कि उन्हें अचानक से ऐसा लगा कि कहीं पर गोली चली है। एसएसपी ने बताया कि गाड़ी आगे जाकर एक खंभे से टकरा गई और विवेक के सिर से खून निकलने लगा।












Click it and Unblock the Notifications