मिशन 2022: जिलों में 20 दिन रहकर कांग्रेस को मजबूत करेंगे पदाधिकारी, प्रियंका गांधी शुरू करेंगी दौरा
Priyanka Gandhi meeting with PCC लखनऊ। साल 2022 में होने वाले उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election) के लिए यूपी कांग्रेस (UP Congress) कमर कस रही है। गुरुवार को कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) की प्रदेश पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। यूपी कांग्रेस कमेटी की इस मीटिंग में प्रियंका गांधी ने पार्टी पदाधिकारियों को चुनाव की तैयारी और संगठन को मजबूत करने के काम में जुटने के निर्देश दिए। प्रियंका गांधी ने पार्टी पदाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में कैंप करने को कहा।

प्रदेश मुख्यालय में पार्टी कार्यकारिणी की इस बैठक को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महासचिव प्रियंका गांधी ने संबोधित करते हुए पदाधिकारों को संगठन सृजन अभियान के तहत जिलों में 20 दिन के प्रवास पर जाने को कहा और उनको पार्टी को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी सौंपी। तीन जनवरी से कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी जिलों में 20 दिनों तक रहकर पार्टी का जनाधार जमीनी स्तर पर बढ़ाने की कोशिशों में जुटेंगे। प्रियंका गांधी इस दौरान जिलों के दौरों पर निकलेंगी।

प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और पार्टी प्रभारी प्रियंका गांधी कांग्रेस को यूपी में मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं लेकिन हाल के चुनावों में वे बेहतर प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। साल 2022 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए पार्टी में लगातार बदलाव और रणनीति बनाने की प्रक्रिया जारी है। यूपी कांग्रेस के नेता शाहनवाज आलम ने एक चैनल से बातचीत में कहा कि विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी से गठबंधन नहीं करने का फैसला लिया गया है। कांग्रेस यूपी की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और मिशन 2022 की शुरुआत पार्टी 28 दिसंबर से कांग्रेस स्थापना दिवस से करेगी।
पार्टी नेता शाहनवाज आलम ने पार्टी की तैयारियों के बारे में बताया कि प्रदेश में जमीनी स्तर पर कांग्रेस का संगठन है इसलिए किसी और पार्टी से गठबंधन की जरूरत नहीं है। 28 दिसंबर को कांग्रेस स्थापना दिवस के अवसर पर यूपी के सभी गांवों में पार्टी का झंडा फहराया जाएगा। ब्लॉक स्तर पर पार्टी कार्यकर्ता यात्रा का आयोजन करेंगे और लोगों को कांग्रेस की नीतियों के बारे में बताएंगे। साथ ही वे केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार के कामों की खामियों के बारे में भी लोगों को जानकारी देंगे।












Click it and Unblock the Notifications