Prayagraj News: कैसे लगी आग? कमेटी करेगी जांच, महाकुंभ में पीड़ितों को 2 दिन में मिलेंगी पहले जैसी सुविधा
Mahakumbh 2024 Prayagraj News: महाकुंभ मेला क्षेत्र के सेक्टर 19 में आग लगने की घटना के बाद प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं। डीएम महाकुंभ नगर विजय किरन आनंद ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण सिलेंडर का फटना माना जा रहा है।
ऐसे में सिलेंडर की गुणवत्ता और अन्य कारणों की जांच की जाएगी। मेला प्रशासन ने सेक्टर मजिस्ट्रेट शिवेंद्र वर्मा को पूरी घटना की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही दो दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया गया है।

जिलाधिकारी ने बताया कि आग से प्रभावित हुए लोगों को दो-तीन दिन के भीतर नए शिविर में शिफ्ट कर दिया जाएगा। प्रभावित लोगों को उसी क्षेत्र में पुनर्वासित करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही मेला प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि पीड़ितों को किसी तरह की असुविधा न हो।
शिविर जल गया, अजनबी बने मददगार
आग में जिन लोगों के शिविर जलकर राख हो गए थे, उन्हें दूसरे कल्पवासियों ने अपने शिविरों में शरण दी है। वहीं, कई अन्य कल्पवासियों ने पीड़ितों के लिए अपने शिविरों में रहने की व्यवस्था की है। उन्हें एक-दो दिन और मदद करनी होगी।
जानकारी मिलने के बाद रोकी गई थी ट्रेन
महाकुंभ क्षेत्र में शास्त्री ब्रिज के नीचे शिविर में आग लगने के बाद रेलवे प्रशासन भी सतर्क हो गया था। रेलवे ब्रिज के नीचे उठ रही लपटों से किसी को नुकसान न पहुंचे, इसे ध्यान में रखते हुए रेलवे अधिकारियों ने विभूति एक्सप्रेस को 20 मिनट तक रोक रखी थी।
आग लगने के समय मालदा एक्सप्रेस पुल से गुजर रही थी। आग और पुल के बीच काफी दूरी थी, लेकिन संभावित खतरे को देखते हुए रेलवे कंट्रोल रूम को तुरंत सूचना दी गई। इसके बाद अधिकारियों ने पूरा मामला स्पष्ट होने तक विभूति एक्सप्रेस को रोक दिया।
आग पूरी तरह बुझ जाने के बाद रविवार शाम 4:48 बजे विभूति एक्सप्रेस को रवाना किया गया। पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि आग पर काबू पा लेने के बाद ट्रेन को रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि आग से रेलवे ट्रैक को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।












Click it and Unblock the Notifications