UP News: 6 मुर्गों के खूंखार कातिलों को ढूंढने में जुटी पुलिस, कराया पोस्टमार्टम, जहर देने का आरोप
यूपी के कुशीनगर जनपद की पुलिस इन दिनों छह मुर्गों को मौत के घाट उतारने वाले खूंखार अपराधियों को पकड़ने में जुटी हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बकायदा अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और 6 मुर्गों का पोस्टमार्टम भी कराया है।
पडोसी ने 6 मुर्गों को दिया जहर
दरअसल, यह मामला कुशीनगर के कप्तानगंज थाना अंतर्गत मथौली बाजार का है। यहां एक महिला ने अपनी पड़ोसी महिला पर मुर्गों को जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। मथौली बाजार के वार्ड नंबर 13 की इंद्रावती जायसवाल का कहना है कि पड़ोसी शकीना खातून ने मेरे दो मुर्गों और सुन्नर शर्मा के चार मुर्गों को जहर देकर मार डाला है।

पोस्टमार्टम से खुलेगा हत्याकांड का राज
पीड़ित महिला ने पुलिस को दी शिकायत में यह भी बताया कि उसने जब पडोसी महिला से इसकी शिकायत की तो वो झगड़ा करने पर उतारू हो गई। जिसके बाद कप्तानगंज थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इसी कड़ी में पुलिस ने 6 मुर्गों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए पशु चिकित्सालय पडरौना भेजा है।
.मुर्गों और मालिक, दोनों को न्याय की उम्मीद
वहीं कप्तानगंज के प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार सिंह का इस मामले पर कहना है कि मुकदमा दर्ज किया गया है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी रवीन्द्र प्रसाद ने बताया कि मुर्गों के पोस्टमार्टम की जनपद में यह पहली घटना है। बहरहाल इस मामले में बेजुबान मुर्गों के साथ ही उनके मालिक को भी पुलिस से न्याय की उम्मीद है। अब देखना यह है कि मुर्गों को मौत के घाट उतारने वाले कब तक सलाखों के पीछे पहुंचते हैं।












Click it and Unblock the Notifications