Ghosi By Poll: घोसी में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान कल, 4.30 लाख मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग
यूपी के घोषी में मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच वोट डाले जाएंगे। इस दौरान निर्वाचन आयोग की तरफ से मतदान के पूरे इंतजाम किए गए हैं।
Ghosi Assembly Election: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में मंगलवार को घोसी उपचुनाव के तहत कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह सात बजे से ही मतदान शुरू हो जाएगा। मतदान को लेकर निर्वाचन आयोग की तरफ से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। घोसी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के उपनिर्वाचन में 10 प्रत्याशी मैदान में हैं।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि 8 अगस्त 2023 को उप निर्वाचन का कार्यक्रम घोषित किया गया था जिसके अनुसार निर्वाचन संबंधी अधिसूचना 10 अगस्त 2023 को जारी हुई थी तथा मतदान 05 सितम्बर 2023 को होना है। मतदान प्रातः 7:00 बजे से शुरू होकर सायं 6:00 बजे तक चलेगा।
दस प्रत्याशियों की किस्मत होगी ईवीएम में बंद
उन्होंने बताया कि उप निर्वाचन में कुल 455 मतदेय स्थल तथा 239 मतदान केन्द्र हैं। सभी मतदेय स्थलों पर रैम्प, शौचालय तथा पीने के पानी की सुविधा सुनिश्चित की गई है। उप निर्वाचन में 4.30 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
110 माइक्रो आब्जर्वर की तैनाती
रिणवा ने बताया कि 2.31 लाख़ पुरूष, 1.99 लाख महिला तथा 9 तृतीय लिंग के मतदाता हैं। मतदान पर सतर्क दृष्टि रखने के लिए आयोग द्वारा 1 सामान्य प्रेक्षक, 1 व्यय प्रेक्षक तथा 1 पुलिस प्रेक्षक भी तैनात किये गये हैं। उक्त के अतिरिक्त 27 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 2 जोनल मजिस्ट्रेट, तथा 110 माइक्रो आब्जर्वर भी तैनात किये गये हैं।
शाम 6 बजे तक डाले जाएंगे वोट
रिणवा के मुताबिक, निष्पक्ष, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन हेतु व्यापक इंतजाम एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई है। मतदेय स्थलों पर जो मतदाता सायं 6ः00 बजे उपस्थित रहेंगे, उन सभी मतदाताओं द्वारा अपने मताधिकार का प्रयोग किया जा सकेगा।
मतदान केंद्रों पर होगी लाइव वेब कास्टिंग
उन्होंने बताया कि मतदेय स्थलों पर लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है, जिसका पर्यवेक्षण जिला निर्वाचन अधिकारी, मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं भारत निर्वाचन आयोग तीनोें स्तर पर किया जायेगा। उपरोक्त के साथ-साथ आवश्यकतानुसार वीडियो कैमरे की व्यवस्था भी की गई है।
सभी मतदान केंद्रों तक पहुंची ईवीएम
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया निर्वाचन में 455 मतदेय स्थलों पर मतदान के लिए आवश्यक ईवीएम एवं वीवीपैट की पर्याप्त मात्रा में व्यवस्था की गई है तथा जनपदों में तकनीकी रूप से प्रशिक्षित कर्मियों की व्यवस्था भी की गई है, जिससे कि ईवीएम अथवा वीवीपैट में किसी समस्या के स्थिति में तत्काल उसका निराकरण कराया जा सके।












Click it and Unblock the Notifications