नौकरानी ने आंखें खोलीं और सॉल्व हो गई बड़ी क्राइम मिस्ट्री, पढ़िए
इलाहाबाद में एक स्वीपर ने प्लान बनाकर ऐसा क्राइम किया जिसे सॉल्व करना पुलिस के लिए मुश्किल हो रहा था।
इलाहाबाद। क्राइम सीरियल देखकर अपराध करने की एक और कहानी सामने आयी है। इलाहाबाद पुलिस ने डॉक्टर बजाज की नौकरानी का गला रेत कर लूटपाट करने वाले केस का खुलासा किया है। डॉक्टर के स्वीपर ने ही सीरियल देखकर खौफनाक प्लान बनाया। पहले नौकरानी से रेप का प्रयास किया और विरोध पर उसका गला रेत दिया। घर में लूटपाट करने के बाद भाग निकला लेकिन नौकरानी जिंदा बच गई और कागज पर स्वीपर का नाम लिखकर राज खोला। स्वीपर को गिरफ्तार कर मीडिया के सामने पेश किया गया।

स्वीपर ने बनाया क्राइम का खौफनाक प्लान
एसएसपी इलाहाबाद आनंद कुलकर्णी ने पूरे घटनाक्रम पर जानकारी देते हुये बताया कि लूट और नौकरानी से दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोपी संजय हेला तीन महीने पहले से ही डॉ. ओपी बजाज के फ्लैट में लूट का प्लान बना चुका था। बस सही मौके की तलाश में था। जब गुरुवार को फ्लैट में घुसा तो उसके इरादे नौकरनी मैरी को देखकर हैवानियत में बदल गये। उसने मैरी से रेप का भरसक प्रयास किया लेकिन जब कामयाब नहीं हुआ तो तार से गला दबाया और फिर चाकू से गला रेत दिया। उसके बाद लूटपाट कर भाग निकला।
इस तरह बनाया शातिर प्लान
एसएसपी के अनुसार इलाहाबाद के बलुआ घाट का रहने वाला संजय हेला डा. ओपी बजाज के दामाद संजय पांडे के रामबाग स्थित क्लीनिक पर स्वीपर है। एक दिन वह इसी फ्लैट में सफाई करने आया था। उसी दिन उसकी नजर मैरी पर पड़ी तो उसकी नीयत खराब हो गई थी। सीरियल देखने का आशिक संजय मैरी को पाने और इसी के साथ फ्लैट लूटने का प्लान बनाया। उसने फ्लैट की रेकी शुरू की तो उसे पता चल गया कि 10.30 बजे तक फ्लैट से बजाज परिवार चला जाता है और फ्लैट पर सिर्फ मैरी रहती है। संजय फुल प्रूफ प्लान पर काम करना चाह रहा था इसलिये उसने खुद को इसके लिये सीरियल के घटनाक्रम से तैयार करना शुरू किया। गुरुवार को संजय सुबह 11 बजे फ्लैट पहुंचा और घंटी बजाई। मैरी ने दरवाजा खोला और संजय से पूछा की क्या काम है। संजय ने कहा कि वह बाथरूम साफ करने आया है। मैरी बोली - पर साहब ने तो नहीं बताया, लेकिन संजय के हाथ में ब्रुश और तेजाब देखकर उसे लगा की साहब ने ही भेजा होगा । तो मैरी ने गेट खोल दिया। संजय ने अंदर घुसते ही बड़ी तेजी से लपक कर दरबाजा बंद कर लिया। मैरी संजय की इस हरकत पर घबरा गई और डर कर भागने लगी।

जिंदगी के लिये जूझती रही मैरी
मैरी सीधे डॉ. शालिनी के कमरे में घुस गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। वह डर से कांपने लगी और दरवाजे से ही चिपक गयी। तब संजय ने सोफासेट को दरवाजे के पास खींचा और पेचकस से दरवाजे के ऊपर की खिड़की का कांच तोड़ने लगा। मैरी कांपती हुई रोने लगी तब तक खिड़की तोड़कर संजय ने सिटकनी खोल ली। उसने ताबड़तोड़ मैरी को कई तमाचे जड़ दिये और उसे बेड पर गिराकर दबोच लिया। मैरी बचने के लिये संजय से लड़ती रही और आखिरकार संजय को झटका देकर वह भाग निकली। मैरी इस बार स्टोर रूम में घुस गयी। इस बार भी संजय लॉक तोड़कर अंदर घुस गया । कुछ देर तक तो मैरी कोने में छिपी दिखी, जल्द ही संजय ने उसे दबोच लिया। संजय हैवानियत करने लगा लेकिन मैरी का विरोध जारी रहा। गुस्से में संजय ने तार से मैरी का गला घोंट दिया और फिर गले पर चाकू से वार कर कमरे से बाहर निकल गया।
कैश नहीं लगा हाथ
संजय ने तीनों कमरों की अलमारी के ताले तोड़ डाले। पूरा सामान बाहर फेंक दिया लेकिन बड़ा कैश नहीं मिला। जो कुछ भी उसे मिला वह सब समेट कर भाग निकला। जब मैरी को होश आया तो किसी तरह उसने फोन किया। पर कुछ बोल नहीं सकी। शक होते ही डॉक्टर घर पहुंची तो सारा हाल देखकर पुलिस को खबर की।

शायद फिर कभी न खुलता राज!
संजय ने तो मैरी को मार दिया था लेकिन मैरी जाने कैसे जिंदा बच गई। अगर मैरी मर गई होती तो शायद इस घटना का कभी खुलासा भी नहीं होता क्योंकि संजय पर तो शक की बात बहुत दूर, उसके नाम तक का जिक्र कहीं नहीं हुआ था। 16 घंटे तक तो पुलिस बजाज परिवार के कर्मचारियों से ही शक के आधार पर पूछताछ कर रही थी। होश में आने पर मैरी ने कागज पर संजय हेला का नाम लिखा तो पुलिस ने संजय को गिरफ्तार कर सच उगलवा लिया। मैरी की हालत नाजुक है। वह बोल नहीं सकती। एसएसपी ने पुलिस टीम को पांच हजार का इनाम देते हुये बताया कि मैरी के पूरी तरह से ठीक होने के बाद मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान कराए जायागा। फिलहाल संजय ने पूरा राज उगल दिया है। उसे जेल भेज दिया गया है ।












Click it and Unblock the Notifications