गोरखपुर यूनिवर्सिटी में छात्र नेताओं का बवाल, बिजली काटी ताले जड़े
गोरखपुर यूनिवर्सिटी में छात्रसंघ चुनाव स्थगित करने के बाद छात्र नेताओं ने शुक्रवार को अपने समर्थकों के साथ जमकर हंगामा काटा। यूनिवर्सिटी के प्रशानसिक भवन का गेट खुलवाने को लेकर प्रदर्शनकारी छात्रों और यूनिवर्सिटी कर्मचारियों के बीच जमकर झड़प हुई। हालात को बेकाबू होते देख पुलिस ने जमकर लाठियां बरसाईं, जिसमें कई छात्र घायल हो गए।

दरअसल इससे पहले छात्र नेताओं ने यूनिवर्सिटी के प्रशासनिक भवन के दोनों मेन गेट पर ताला जड़ा था। इतना ही नहीं छात्रों ने प्रशासनिक भवन की बिजली सप्लाई को भी काट दिया। जिसकी वजह से कर्मचारी प्रशासनिक भवन में बंद हो गए। जब कर्मचारियों ने गेट खोलकर बाहर निकलने चाहा छात्रों और कर्मचारियों के बीच जमकर हाथापाई हुई। मौके पर कई थानों की पुलिस फोर्स और पीएससी तैनात कर दी गई है। ये सारा विवाद स्टूडेंट्स द्वारा प्रशासनिक भवन में ताला मारने के बाद शुरू हुआ था।
बता दें कि चुनाव अधिकारी बीएन बैजल ने छात्रसंघ चुनाव को लेकर कार्यक्रम जारी कर दिया था। इस कार्यक्रम के मुताबिक, 8 से 18 सितंबर के बीच ये चुनाव होने थे लेकिन गोरखपुर यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान पहुंचे डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने कहा , 'यूनिवर्सिटी प्रशासन चाहे तो चुनाव कराए, लेकिन इस बात का ध्यान रखे कि लिंगदोह कमेटी की सिफारिशें लागू हों।' डिप्टी सीएम के इस बयान के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन के घोषित शेड्यूल को निरस्त कर दिया था। इसके बाद छात्र नेता भड़क गए और प्रदर्शन करने लगे।












Click it and Unblock the Notifications