Video: 'मैं हनुमान भक्त, सीता जी...' रामलीला के मंच पर नशेबाज सिपाही, सामने बैठे थे BJP विधायक, फिर..
ताजनगरी आगरा से एक नशेबाज सिपाही का वीडियो सामने आया है, जिसे देख आप भी हैरान रह जाएंगे। यहां धार्मिक मंच रामलीला में सीता हरण के मंचन के दौरान नशे में धुत्त एक सिपाही ने उत्पात मचा दिया। सिपाही मंच पर चढ़ गया और कहने लगा कि "मैं हनुमान भक्त हूं, माता सीता को नहीं ले जाने दूंगा।" लाख समझाने पर भी जब नहीं माना तो मजबूरन विधायक जी को बीच में आना पड़ा।
दरअसल, पूरा मामला उत्तरी आगरा में बिजली घर क्षेत्र स्थित रामलीला मैदान का है। यहां गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे रामलीला का आयोजन चल रहा था। इस दौरान रामलीला कमेटी के लोग और उत्तरी विधानसभा क्षेत्र से विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल भी कार्यक्रम में मौजूद थे। उधर, मंच पर सीता हरण का मंचन शुरू हुआ ही था कि तभी हेड कॉन्स्टेबल 'हरीश चंद' नशे में धुत्त होकर मंच पर चढ़ गया।

मंच पर चढ़कर सिपाही कहने लगा कि "मैं हनुमान भक्त हूँ, सीता जी को नहीं ले जाने दूंगा", वहीं जब उसे रोकने का प्रयास किया गया तो वह मंच के बीचोंबीच आ गया और डांस करने साथ-साथ अभद्र इशारे भी करने लगा। इतने में सामने बैठे बीजेपी के विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल उठकर आए और सिपाही का हाथ पकड़ कर उसे नीचे उतार दिया। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने सिपाही को जमकर फटकार लगाई।
वहीं यह पूरी घटना कैमरे में भी कैद हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है। धार्मिक मंच पर पुलिस कर्मी की ओर से अमर्यादित कार्य किए जाने से रामलीला कमेटी और सामाजिक लोगों को ठेस पहुंची है। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने बताया कि पुलिसकर्मी की शिकायत उन्होंने पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रीतिंदर सिंह से की थी। पुलिस कमिश्नर ने आरोपी सिपाही के बारे में जानकारी की तो वह जीआरपी में तैनात पाया गया। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने बताया कि उनकी शिकायत पर आरोपी पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications