यूपी: 4 साल से जेल में बंद बदमाश ने छूटते ही फिल्मी स्टाइल में डाला डाका
शाहजहांपुर। एक बदमाश जो अलग-अलग अपराधों से जुड़े 13 मुकदमों में 4 साल की कैद काट चुका था, उसने बाहर आते ही अपने साथियों के साथ एक और डकैती को अंजाम दे डाला। वह भी बिना मोबाइल फोन का इस्तेमाल किए, फिल्मी स्टाइल में। मगर, पुलिस ने करतूतें भांपते हुए उन्हें खोज निकाला और नकदी व जेवर भी बरामद कर लिए।

शाहजहांपुर में थाना सदर बाजार के एसपी एस. चिनप्पा के मुताबिक, मोहल्ला बजरिया निवासी सुशील कुमार के घर बीते 7 अक्तूबर को डकैती डाली गई थी। डकैती में अनिल गुप्ता और वैभव गुप्ता व उनके साथियों ने इस घर से 55 हजार की नकदी और जेवरात लूटे थे। मकान में रह रहे परिवार को बंधक बनाकर उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया था। इसके बाद भागने के लिए बदमाशों ने खुद दिल्ली के लिए ट्रेन का टिकट कराया। पुलिस उन्हें नहीं पकड़े, इसकी भी उन्होंने तरकीब निकाली। वह यह कि डकैती के वक्त उन्होंने मोबाइल का भी इस्तेमाल नही किया। ऐसे में पुलिस के लिए किसी को पकड पाना टेढी खीर थी।
वहीं, पीड़ितों की शिकायत के बाद सिपाहियों ने इन बदमाशों का सुराग लगाने के लिए घटना से एक किलोमीटर दूर तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जहां सीसीटीवी की मदद से वारदात कर भागने वाले इन बदमाशों का खुलासा हुआ।
जिसके बाद अनिल को उसके साथी समेत हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उनका भेद खुला। इसमें मोबाइल नहीं रखनी वाली बात की वजह भी पता चल गई। असल में इन बदमाशों को लगा था कि यदि वे दिल्ली भाग जाएंगे तो ये कह देंगे कि घटना के वक्त तो वे दिल्ली में थे। मगर सीसीटीवी ने उनकी पोल खोल दी।

पांच अन्य की तलाश जारी
एसपी एस. चिनप्पा ने बताया कि पुलिस ने इन लुटेरों से 25 हजार रुपए नकदी और जेवर बरामद किए हैं। दोनों को जेल भेज दिया है। वहीं, पांच अन्य बदमाशों को खोजा जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, थाना सदर बाजार के मोहल्ला बजरिया निवासी सुशील कुमार 35 लाख रुपये का मकान बेचा था। इसकी भनक बदमाशों को लगी तो उन्होंने यहां डकैती को अंजाम दिया। बदमाशों ने बताया कि उन्हें सुशील के घर के पास रहने वाले विजय ने बताया था कि सुशील के पास इस वक्त बहुत सारा पैसा है। इसके बाद वे वहां पहुंचे।












Click it and Unblock the Notifications