पीएम मोदी ने किया गंगा एक्सप्रेसवे का शिलान्यास, बोले- यूपी की प्रगति के नए द्वार खुलेंगे
यूपी की प्रगति के नए द्वार खोलेगा।
लखनऊ, 18 दिसंबर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज (18 दिसंबर) उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेसवे का शिलान्यास किया। 594 किलोमीटर लंबा ये एक्सप्रेस-वे 6 लेन का होगा। यह एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयागराज तक 12 जिलों से होकर गुजरेगा। ऐसे में एक्सप्रेस-वे पूर्वी यूपी और पश्चिमी यूपी को आपस में जोड़ेगा। गंगा एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास करने के बाद पीएम मोदी ने कहा कि इससे उत्तर प्रदेश के विकास को नई रफ्तार मिलेगी। योगी सरकार की तारीफ करते हुए पीएम ने यहां कहा- आज पूरे यूपी की जनता कह रही है- यूपी प्लस योगी, बहुत हैं उपयोगी।

गंगा एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, आज शाहजहांपुर में ऐतिहासिक अवसर है। आज यूपी के सबसे बड़े एक्सप्रेसवे गंगा एक्सप्रेसवे पर काम शुरू हो रहा है। माँ गंगा सारे मंगलों की, सारी उन्नति प्रगति की स्रोत हैं। मां गंगा सारे सुख देती हैं, और सारी पीड़ा हर लेती हैं। ऐसे ही गंगा एक्सप्रेसवे भी यूपी की प्रगति के नए द्वार खोलेगा।
पूर्व की सरकारों पर साधा निशाना
विपक्षी दलों को निशाने पर लेते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, आप पांच साल पहले का हाल याद कीजिए। राज्य के कुछ इलाकों को छोड़ दें तो दूसरे शहरों और गांव-देहात में बिजली ढूंढे नहीं मिलती थी। आज हमारी डबल इंजन की सरकार ने ना सिर्फ यूपी में 80 लाख मुफ्त बिजली कनेक्शन दिए, बल्कि हर जिले को पहले से कई गुना ज्यादा बिजली दी जा रही है। आज यूपी में एक्सप्रेसवे का जाल बिछ रहा है। नए एयरपोर्ट, नए रेलवे रूट बन रहे हैं, वो यूपी के लोगों के लिए अनेक वरदान लेकर आ रहे हैं। इससे समय की बचत, सहूलियत में बढोतरी, सुविधा में बढोतरी, यूपी के संसाधनों का सही उपयोग और यूपी के सामर्थ्य में वृद्धि होगी, जिससे प्रदेश में समृद्धि आएगी।
इन जिलों को जोड़ेगा एक्सप्रेस-वे
Recommended Video
गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज जिलों से होकर गुजरेगा। इस एक्सप्रेसवे को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से भी जोड़ा जाएगा। उत्तर प्रदेश सरकार ने कहा है कि 36,200 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत से इसे बनाया गया है। यह राज्य का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे होगा।
बता दें कि दिल्ली बॉर्डर से बलिया तक गंगा कि किनारे 1020 किलोमीटर का गंगा एक्सप्रेस-वे बनाए जाने का प्रस्ताव है। इस प्रोजेक्ट के पहले चरण में 594 किलोमीटर लंबा छह लेन वाला यह एक्सप्रेस-वे मेरठ के बिजौली गांव से शुरू होकर प्रयागराज के जुदापुर गांव तक जाएगा। जिसकी आधारशिला आज पीएम मोदी ने रखी है।












Click it and Unblock the Notifications