काशी को PM Modi का तोहफा: बनारस को मिला 2200 करोड़ की सौगात, पीएम किसान सम्मान निधि की किस्त का ऐलान
PM Modi Varanasi Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार, 2 अगस्त को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी (काशी) का दौरा किया। इस दौरान पीएम मोदी (PM Modi) ने काशीवासियों को ₹2200 करोड़ से अधिक की लागत वाली 150 से भी अधिक विकास परियोजनाओं की सौगात दी, जिनमें शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कनेक्टिविटी, पर्यावरण और ऊर्जा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों की योजनाएं शामिल हैं।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-KISAN) के तहत पीएम मोदी ने बनारस से ही योजना की 20वीं किस्त जारी करते हुए देशभर के 9.70 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में ₹20,500 करोड़ की राशि ट्रांसफर की।

हर किसान को इस किस्त के तहत ₹2,000 की सीधी आर्थिक सहायता मिली है। यह पहल सरकार के उस संकल्प को दर्शाती है जिसमें किसान कल्याण और ग्रामीण सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।
PM Kisan 20th Installment: PM-KISAN योजना की 20वीं किस्त जारी
अपने काशी दौरे की शुरुआत में प्रधानमंत्री मोदी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-KISAN) की 20वीं किस्त जारी की। इसके तहत देशभर के 9.70 करोड़ किसानों को ₹20,500 करोड़ रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की गई।
इसके अलावा, उन्होंने दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण भी वितरित किए। विशेष रूप से उन्होंने दृष्टिबाधित छात्रा बबली को लो विजन वाला चश्मा भेंट किया और उससे बातचीत की।
वाराणसी को मिलीं ये बड़ी परियोजनाएं
सड़कें और कनेक्टिविटी: नए पुल, चौड़ी सड़कें और स्मार्ट कॉरिडोर
प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी-भदोही रोड और छितौनी-शूल टंकेश्वर मार्ग के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण का उद्घाटन किया। साथ ही, हरदत्तपुर में एक नया रेलवे ओवरब्रिज भी जनता को समर्पित किया गया, जिससे मोहन सराय-अदलपुरा मार्ग पर जाम से राहत मिलेगी।
इसके अलावा उन्होंने लहरतारा-कोटवा, डलमंडी, गंगापुर, और बाबतपुर जैसे क्षेत्रों में स्मार्ट शहरी कॉरिडोरों की आधारशिला रखी। खलीस्पुर यार्ड और 22C रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर भी नए ओवरब्रिज बनने जा रहे हैं।
बिजली व्यवस्था होगी स्मार्ट: ₹880 करोड़ की परियोजनाएं
काशी को रोशन करने की दिशा में प्रधानमंत्री ने ₹880 करोड़ की लागत से स्मार्ट बिजली वितरण परियोजना और अंडरग्राउंड वायरिंग कार्यों की नींव रखी। इससे वाराणसी में बिजली कटौती की समस्या में सुधार आने की उम्मीद है।
घाट, मंदिर और पर्यटन: सांस्कृतिक धरोहरों का नवीनीकरण
पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मोदी ने 8 कच्चे घाटों के पुनर्विकास का उद्घाटन किया। इसके साथ ही कालिका धाम, शिवपुर स्थित रंगीलदास कुटिया, दुर्गाकुंड, और कर्दमेश्वर महादेव मंदिर जैसे ऐतिहासिक स्थलों के सौंदर्यीकरण व जल शुद्धिकरण कार्यों की आधारशिला भी रखी गई।
सारनाथ, रामनगर और ऋषि मंडवी ज़ोन में सिटी फैसिलिटी सेंटर, प्रसिद्ध साहित्यकार मुंशी प्रेमचंद के पैतृक आवास का पुनर्विकास और म्यूजियम अपग्रेडेशन की भी घोषणा की गई।
शहर को मिलेगा पार्क और कुंड होंगे हरे-भरे
मोदी ने कंचनपुर में एक शहरी मियावाकी वन और शहीद उद्यान समेत 21 पार्कों के पुनर्विकास का शिलान्यास किया। साथ ही रामकुंड, मंदाकिनी, शंकुलधारा जैसे धार्मिक कुंडों की सफाई और शुद्धिकरण कार्य की भी नींव रखी गई। चार फ्लोटिंग पूजन प्लेटफॉर्म भी स्थापित किए जाएंगे।
जल जीवन मिशन की 47 योजनाएं
प्रधानमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जल जीवन मिशन के तहत 47 ग्रामीण जल योजनाओं का उद्घाटन किया।
शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा निवेश: 53 स्कूल भवन अपग्रेड
काशी के भीतर आने वाले 53 विद्यालय भवनों के उन्नयन का उद्घाटन हुआ। साथ ही जखिनी और लालपुर के सरकारी हाई स्कूलों के नवीनीकरण और एक नए जिला पुस्तकालय के निर्माण की भी आधारशिला रखी गई।
चिकित्सा क्षेत्र में नई तकनीकें
प्रधानमंत्री ने पंडित मदन मोहन मालवीय कैंसर केंद्र और होमी भाभा कैंसर अस्पताल में अत्याधुनिक रोबोटिक सर्जरी और सीटी स्कैन सुविधाओं का उद्घाटन किया। साथ ही, एक होम्योपैथिक कॉलेज एवं अस्पताल, एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर और एक डॉग केयर सेंटर की आधारशिला भी रखी गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा सिर्फ योजनाओं की शुरुआत नहीं है, बल्कि यह काशी को एक आधुनिक, आत्मनिर्भर, पर्यावरण-संतुलित और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध शहर बनाने की दिशा में एक ठोस कदम है। प्रधानमंत्री का यह संदेश स्पष्ट है- "काशी सिर्फ हमारी आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि भारत की नई विकास गाथा का नेतृत्वकर्ता भी है।"












Click it and Unblock the Notifications