पीयूष जैन के घर 120 घंटे छापेमारी: 284 करोड़, कई किलो सोना, दुबई में संपत्ति, जानें अब-तक क्या-क्या मिला
पीयूष जैन के घर 120 घंटे छापेमारी: 284 करोड़, कई किलो सोना, दुबई में संपत्ति, जानें अब-तक क्या-क्या मिला
कानपुर, 27 दिसंबर: कानपुर के इत्र कारोबारी पीयूष जैन के घर पर चल रही छापेमारी को 120 घंटे से अधिक वक्त हो गए हैं। इत्र कारोबारी पीयूष जैन के कानपूर और कन्नौज के घर पर 120 घंटे चली छापेमारी में आयरक विभाग और जीएसटी इंटेलिजेंस महानिदेशालय (डीजीजीआई) की एक ज्वाइंट टीम ने 284 करोड़ रुपये से अधिक नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा पीयूष जैन के घर छापेमारी के दौरान 16 महंगी संपत्तियों के दस्तावेज मिले हैं। इनमें से 4 प्रॉपर्टी कानपुर में, 7, कन्नौज में 7, मुंबई में 2 और 1 दिल्ली में है। वहीं दुबई में दो संपत्तियों का पता लगया है। पीयूष जैन के घर से नकदी और संपत्ति के कागजात के अलावा कई किलोग्राम सोना भी बरामद किया गया है।

टैक्स चोरी के आरोप में 50 घंटे की पूछताछ और फिर गिरफ्तारी
कानपुर के बिजनेसमैन पीयूष जैन को टैक्स चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पीयूष जैन पर केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) अधिनियम की धारा 69 के तहत मामला दर्ज किया गया था। 120 घंटे से अधिक चली जांच के बाद पीयूष जैन को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी से पहले उनसे करीब 50 घंटे तक पूछताछ की गई।
Recommended Video

पीयूष जैन के पुश्तैनी घर से मिले 18 लॉकर
पिछले हफ्ते आयकर विभाग और जीएसटी खुफिया महानिदेशालय (डीजीजीआई) की एक संयुक्त टीम ने पीयूष जैन के कानपुर घर पर छापा मारा और 257 करोड़ रुपये से अधिक नकद बरामद किया है। पुलिस को पीयूष जैन के कन्नौज स्थित पुश्तैनी घर से 18 लॉकर मिले हैं। उन्हें करीब 500 चाबियों का एक गुच्छा भी मिला है, जिसका इस्तेमाल वे लॉकर खोलने के लिए कर रहे हैं।

छापेमारी के वक्त दिल्ली में थे पीयूष जैन
पीयूष जैन की घरेलू सहायिका के हवाले से आज तक ने लिखा है, 22 दिसंबर को जब आयकर विभाग और डीजीजीआई के अधिकारियों की संयुक्त टीम पीयूष जैन के घर कानपुर पहुंची तो पीयूष जैन दिल्ली में थे। घरेलू सहायिका ने कहा, पूरा परिवार अपने पिता के इलाज के लिए दिल्ली गया था। घर पर केवल उनके दो बेटे मौजूद थे। हालांकि जांच अधिकारियों के बुलाने पर पीयूष जैन दिल्ली वापस लौट आए थे। वहीं पीयूष जैन का छोटा भाई अपने परिवार के साथ झारखंड गया था।

पीयूष जैन की हैं 40 कंपनियां
पीयूष जैन इत्र के कारोबार के लिए मशहूर कानपुर के इत्तरवाली गली में अपना कारोबार करते थे। उनके कन्नौज, कानपुर और मुंबई में कार्यालय हैं। कानपुर छापेमारी के दौरान आयकर विभाग को करीब 40 कंपनियां भी मिलीं, जिनके जरिए पीयूष जैन अपना कारोबार करते थे।

कानपुर के घर से 177 करोड़ और कन्नौज से 107 करोड़ हुए बरामद
डीजीजीआई सूत्रों के मुताबिक शुरू हुई तलाशी में पीयूष जैन के कानपुर में आनंदनगर स्थित घर से 177 करोड़ रुपये और उनके कन्नौज स्थित घर से 107 करोड़ रुपये की बेहिसाबी नकदी बरामद हुई है। छापेमारी के दौरान 50 अधिकारी थे, जिसमें यूपी और गुजरात (अहमदाबाद) की इकाइयों के अफसर थे।
जांच से जुड़े सूत्रों ने कहा कि पीयूष जैन को एक सुरक्षित घर में ले जाया गया और 50 घंटों तक पूछताछ की गई। उससे कई सवाल किए गए लेकिन वह जांचकर्ताओं को संतुष्ट करने में सक्षम नहीं था। जांच की जानकारी रखने वाले एक अधिकारी ने कहा कि पीयूष जैन को कर चोरी और फर्जी फर्मों के नाम पर कई चालान बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

पीयूष जैन का दावा- 400 किलो सोना बेचकर मिले थे 284 करोड़
टाइम्स ऑफ इंडिया ने सूत्रों के हवाले से लिखा है कि पीयूष जैन ने पूछताछ के दौरान दावा किया कि उनके घरों से बरामद 284 करोड़ रुपये नकद उनके पूर्वजों द्वारा छोड़े गए 400 किलो सोना बेचने के बाद जमा किए गए पैसे थे।
पीयूष जैन ने टीम को बताया कि यह उसका पैसा था। जांच अधिकारी ने 26 दिसंबर को कहा, "पीयूष जैन ने उनकी टीम को कहा कि आप इन पैसों और गहनों का इनकम टैक्स काट सकते हैं और बाकी सारा मुझे वापस कर दें।" अधिकारी ने आगे बताया कि पैसे के स्रोत के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि घर का पुश्तैनी सोना करीब 400 किलो था, जिसे उन्होंने छोटे जौहरियों को नकद के लिए बेच दिया है।

25 किलो सोना और 250 किलो चांदी बरामद
अब तक की छापेमारी में एजेंसियों ने पीयूष जैन के कन्नौज आवास से 250 किलो चांदी और 25 किलो सोना बरामद किया है। पीयूष जैन के कन्नौज में उसके पुश्तैनी छिपैती घर की तिजोरियां और दीवारें तोड़ी जा रही हैं। जांच अधिकारियों को शक है कि दीवारों के पीछे तहखाना हो सकता है।
आईटी विभाग के सूत्रों ने बताया कि कारोबारी के घर और फैक्ट्री के अंदर 36 लोग हैं, जिनमें जीएसटी इंटेलिजेंस और इनकम टैक्स के अधिकारी भी शामिल हैं। यहां नौ ड्रम 'चंदन' का तेल भी मिला है और गत्ते के बक्सों से 2,000 रुपये के नोटों के बंडल बरामद किए गए हैं। कारोबारी के घर से नोट गिनने की मशीन भी मिली है।












Click it and Unblock the Notifications