महिला ने कहा कम दिया है राशन, उसे पीट-पीट कर मार डाला
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश स्थित मुजफ्फरनगर में एक महिला ने राशन देने वाले कर्मी पर आरोप लगाया कि उसे राशन कम दिया गया है। इतनी सी बात पर महिला की पीट कर हत्या कर दी गई। पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार घटना जिले का फिरजाबाद गांव की है। सर्किल अफसर मोहम्मद रिजवान ने जानकारी दी कि महिला के बेटे भूरा की शिकायत पर दुकान के मालिक नसीम समेत तीन अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। रिजवान ने बताया कि मामले में दो अन्य आरोपी शमीम और जानू है। फिलहाल इस हत्या की घटना में किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
पुलिस में दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार महिला का नाम आसी है जो सरकारी राशन की दुकान पर राशन लेने गई थी। इस दौरान उसने कम राशन दिए जाने की शिकायत की। इस पर आरोपी से उसकी कहासुनी हो गई और उसे आरोपियों ने पीट पीट कर मार डाला। स्थानीय लोगों ने बताया की शमीम से जब आसी ने शिकायत की तो उसने गुस्से में महिला का सिर दीवार से भिड़ा दिया।
सूचना मिलने पर आसी के घर वाले पहुंचे, उस वक्त वो खून से लथपथ थी। उसे फौरन अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस हत्या के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस को शव का पोस्टमार्टम कराने में भारी जद्दोजहद करनी पड़ी।
ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र: चुनावी विवाद में शिवसेना के 2 नेताओं की गोली मारकर हत्या