गोलगप्पे खाकर कुख्यात यशपाल राठी को गोलियों से भून दिया, मर्डर का वीडियो
दोनों आरोपियों ने दुकानदार की दुकान के बाहर ही उसकी हत्या कर दी थी। लेकिन ये पूरा घटनाक्रम दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी में कैद हो गया।
मुज़फ्फरनगर। मुज़फ्फरनगर में लगभग एक माह पूर्व NH 58 पर लंबे समय तक चर्चित रहे कुख्यात यशपाल राठी की हत्या का खुलासा करते हुए मुजफ्फरनगर पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे एक पिस्टल, एक देशी तमंचा और कुछ जिन्दा कारतूस भी बरामद किये हैं। मुख्य आरोपी ने बताया है कि उसने ये हत्या मान-सम्मान के लिए की थी। घटना का खुलासा सीसीटीवी में कैद शूटआउट से हुआ है। ये दुस्साहसिक वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। घटना पिछले माह 25 जनवरी की शाम थाना मंसूरपुर से मात्र 50 मीटर की दूरी पर स्थित भगत जी स्वीट्स के सामने की है।

भगत जी स्वीट्स के मालिक और लम्बे समय तक चर्चित रहे कुख्यात यशपाल राठी की कुछ बदमाशों ने दुकान के बाहर ही गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी, जिसके बाद यशपाल के परिजनों ने हाइवे पर जाम भी लगाया था। पुलिस ने इस मामले को जल्द ही खोलने का आश्वासन देकर मामला शांत किया था। वहीं, मंगलवार को मंसूरपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है।
बता दें कि NH 58 पर ही विक्की नामक युवक ने पहले यशपाल की दुकान में भगत जी स्वीट्स के नाम से दुकान खोली थी। लेकिन कुछ साल बाद यशपाल ने विक्की से दुकान खाली करवा ली और भगत जी स्वीट्स के नाम से खुद दुकान खोल ली। जिसके बाद विक्की ने भी कुछ दूरी पर भगत जी स्वीट्स के नाम से दुकान खोल ली तब से दोनों में रंजिश हो गयी। हत्यारोपी विक्की ने बताया कि उसने मान-सम्मान के लिए ये हत्या करवाई है। एक मामले में विक्की और उसकी बहन को भी यशपाल ने फंसाया था जिससे परेशान होकर विक्की ने उसकी हत्या करवा दी।
वहीं, पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्टल, एक देशी तमंचा और कुछ जिन्दा कारतूस भी बरामद किये हैं। पुलिस ने इस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ही घटना का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी की फुटेज के मुताबिक, हत्यारे घटना को अंजाम देने से पहले दुकान पर गोलगप्पे खाते नजर आ रहे हैं और उसके बाद कार में सवार यशपाल पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर मौके से फरार हो जाते हैं। ये भी पढ़ें: दिल्ली: तीन महिलाओं ने मोबाइल स्टोर में किया भयंकर तांडव, सामने आया VIDEO












Click it and Unblock the Notifications