साली से दो जीजाओं के अवैध संबंध, एक ने की दूसरे की निर्मम हत्या
कन्नौज। यूपी के कन्नौज में साली के चक्कर में साढ़ू को कुल्हाड़ी से काटकर हत्या करने की सनसनीखेज वारदात सामने आयी है जिसके बाद आरोपी फरार है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गयी है लेकिन अभी तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

कन्नौज के छिबरामऊ थानाक्षेत्र के ग्राम जगतपुर निवासी 30 वर्षीय रजनेश बाथम रात घर के बाहर छप्पर के नीचे सो रहे थे। देर रात 12 बजे गुरसहायगंज के चियासर निवासी उनका साढ़ू शिवरतन उर्फ पप्पू अपने साथियों के साथ आया और कुल्हाड़ी से रजनेश पर हमला बोल दिया। चीख सुनकर पास में सो रही पत्नी विमला व फर्रुखाबाद के थाना कमालगंज के ग्राम नगला बसा निवासी साली गीता की आंख खुल गई।

दोनों ने शोर मचाना चाहा तो हमलावरों ने उनका मुंह दबा लिया और रजनेश पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर सभी फरार हो गए। चीखपुकार सुनकर ग्रामीण पहुंचे पर तब तक रजनेश की मौत हो चुकी थी। देर रात हत्या की सूचना पर सीओ श्रीकांत प्रजापति, फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पत्नी विमला ने बताया कि पति की हत्या उसके बहनोई शिवरतन उर्फ़ पप्पू ने कुछ लोगों के साथ मिलकर की है। उसकी बहन गीता एक वर्ष पहले यहां रहने लगी थी। इससे पहले वह शिवरतन उर्फ़ पप्पू के यहां रहती थी। बहन के पास 10 बीघा जमीन है। उसके पति दस साल पहले लापता हो गए थे, उसके कोई बच्चे भी नहीं हैं। इससे शिवरतन की निगाह गीता और उसकी जमीन पर थी। गीता के जगतपुर साढ़ू के घर आने से वह रंजिश मानने लगे थे।
पुलिस अधीक्षक हरीश चन्दर ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला साली से अवैध सम्बन्ध के चलते हत्या हुई है। मृतक के बड़े भाई राकेश की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश में छापा मारा गया पर वह मिला नहीं। उसे जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications