नए साल पर नशा बना क्राइम की वजह, परिवार की उजड़ गईं खुशियां
देर रात जीतेंद्र के पड़ोस में रहने वाले राजू ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। इसी की खुन्नस में इस अपराध को अंजाम दिया गया।
कानपुर। कानपुर में नए साल पर एक परिवार की खुशियां ही उजाड़ गईं। कानपुर में नया साल सेलिब्रेट कर रहे नशेबाजों को पैसा ना देने पर युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस की पूछताछ में मृतक युवक के परिजनों ने क्षेत्र के दबंग लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश कर रही है।

सीसामऊ थाना क्षेत्र का रहने वाला जीतेंद्र शराब ठेके के पास चाय का ठेला लगाता था। देर रात जीतेंद्र के पड़ोस में रहने वाले राजू ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। जीतेंद्र ने पैसे देने से मना कर दिया, जिससे राजू ने अपने तीन भाइओं के साथ मिलकर चाकुओं से गोदकर उसकी हत्या कर दी। जीतेंद्र की हत्या होने की जानकारी जैसे ही उसके परिजनों को हुई तो हड़कंप मच गया। परिजनों की सूचना पर जब तक पुलिस पहुंचती तब तक हत्यारे मौके से भाग गए।
मृतक जीतेंद्र की दादी ने बताया कि मेरा नाती चाय का ठेला लगाता था, राजू उससे पैसा छीनना चाहता था। उसने मना किया तो चाकू से उसकी हत्या कर दी गई। मृतक के चाचा का कहना है की जीतेंद्र ने राजू से पांच हजार रुपए लिए थे, जिसको इन लोगों ने चाकू दिखाकर छीन लिया। विरोध करने पर राजू और उसके भाइयों ने चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी।












Click it and Unblock the Notifications