यूपी: रेप के बाद काट दिया दलित युवती का गला, शव को खेत में फेंका
अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी में दलित छात्रा की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। हत्या करने के बाद शव को खेतों में फेंक कर फरार हो गया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने अमेठी-धनापुर मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे एसपी कुंतल किशोर ने किसी तरह लोगों को समझाकर जाम खुलवाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

ये है मामला
घटना अमेठी के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के नैनहा बर्तली गांव की है। ग्रामीणों के अनुसार बुधवार की रात गांव में नौंटकी का आयोजन किया था। युवती बुधवार रात घर वालों के साथ पड़ोसी गांव धनापुर में नौटंकी देखने गई थी। रात एक बजे के करीब सभी लोग घर लौट आए थे। गुरुवार की सुबह खेत में एक ग्रामीण ने युवती का शव देखा तो शोर मचाया। ग्रामीण और परिवारीजन इकट्ठा हुए। युवती के कपड़े अस्त-व्यस्त मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उससे दुष्कर्म के बाद हत्या की गई है।

नौटंकी देखने गई थी युवती
युवती के पिता ने बताया कि हम सबके साथ वह नौटंकी देखने गई थी फिर साथ में ही लौट भी आई। फिर वह खेत कब और कैसे पहुंची, इसकी जानकारी नहीं। हत्या की सूचना पर संग्रामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रख प्रदर्शन शुरू कर दिया और हत्यारो की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।

घटना स्थल का लिया जायजा
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक और अपर पुलिस अधीक्षक तीन थानों की फोर्स और पीएसी सहित फोरेंसिक टीम को लेकर मौके पर पहुंच गई। एसपी ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी ने घटनास्थल का जायजा लिया है। उन्होंने कहा है कि युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही ये स्पष्ट होगा कि उससे दुष्कर्म हुआ है कि नहीं। अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications