Mulayam Singh Yadav के अंतिम दर्शन की 5 भावुक करने वाली तस्वीरें, जो सबकुछ बयां करती हैं
Mulayam Singh Yadav Last Rite: मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार में आज उनके समर्थकों और चाहने वालों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। मुलायम सिंह को अंतिम विदाई देने के लिए और उनकी आखिरी झलक पाने के लिए भारी संख्या में सैफई में लोग इकट्ठा हुए। नेताजी के अंतिम संस्कार में देश की कई बड़ी राजनीतिक हस्तियां भी पहुंचीं। लोकसभा सांसद वरुण गांधी भी इस दौरान अखिलेश यादव को सहानुभूति देते नजर आएं। जिस तरह से उन्होंने नेताजी के अंतिम संस्कार के पहले अखिलेश यादव को गले से लगाया उसे देखकर हर कोई भावुक हो गया।

वरुण गांधी ने लगाया गले
वरुण गांधी ने मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार की तस्वीरों को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, अलविदा नेताजी, आपकी ख्याति और आपके जीवन से जुड़ी स्मृतियां सदा-सदा के लिए अमर हैं। मैं इस दुख की घड़ी में अपने बड़े भाई अखिलेश यादव के साथ मजबूती से खड़ा हूं। उनका विशाल हृदय, धीर गंभी व्यक्तित्व और सामाजिक न्याय के प्रति संघर्ष भाव उन्हें नेताजी से मिली आत्मीय विरासत है।

हेमंत सोरेन ने हौसला बढ़ाया
मुलायम सिंह के अंतिम संस्कार के दौरान झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी नजर आए। दोनों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं, जिसमे देखा जा सकता है कि हेमंत सोरेन अखिलेश यादव को ढांढ़स बंधा रहे हैं। तस्वीर में अखिलेश यादव काफी भावुक नजर आ रहे हैं। उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या और बृजेश पाठक भी मुलायम सिंह के अंतिम संस्कार में पहुंचे। दोनों ही अखिलेश यादव के पास बैठे और उनका हाथ थामकर उन्हें हिम्मत दी।

अंतिम यात्रा में रामदेव ने थामा हाथ
मुलायम सिंह यादव की अंतिम यात्रा में स्वामी रामदेव भी अखिलेश यादव के साथ नजर आए। इस दौरान स्वामी रामदेव अखिलेश यादव के साथ ट्रक पर साथ दिखे और पूरे समय वह उनको हौसला देते रहे हैं।

आजम खान ने नम आंखों से दी विदाई
मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार में मेनका गांधी, जयंत यादव, आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी हिस्सा लेने के लिए पहुंचे। यही नहीं मुलायम सिंह के करीबी माने जाने वाले आजम खान भी अंतिम दर्शन के लिए यहां पहुंचे। तस्वीर में देखा जा सकता है कि आजम खान मुलायम सिंह के पार्थिव शरीर के पास नम आंखों के साथ बैठे हैं। अहम बात यह है कि आजम खान का इलाज चल रहा है, लेकिन नेता जी को अंतिम विदाई देने के लिए वह यहां पहुंचे। आजम खान लड़खड़ाते कदमों से नेताजी को अंतिम विदाई देने के लिए पहुंचे और जिस कांच के ताबूत में नेताजी का पार्थिव शरीर रखा था, उसे छूकर उन्होंने मुलायम सिंह को अंतिम विदाई दी।

भावुक हुईं डिंपल यादव
मुलायम सिंह की अंतिम यात्रा में उनका पूरा परिवार शामिल हुआ। इस दौरान अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव भी नजर आईं। डिंपल यादव मुलायम सिंह यादव के पार्थिव शव के सामने काफी भावुक नजर आईं और खुद को रोक नहीं सकीं। तस्वीरों में देखा जा सकता है कि परिवार के सदस्य उन्हें हौसला दे रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications
