मां और मासूम बेटे की सिरकटी लाशों का राज पुलिस ने किया पर्दाफाश
संभल। उत्तर प्रदेश में संभल कोतवाली क्षेत्र के चिमयावली में मिली महिला व मासूम की निर्वस्त्र व सिरकटी लाश के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पुलिस ने चाकू, खून से लथपथ कपड़े व महिला की मासूम जिंदा बेटी को बरामद कर लिया है। एडीजी ने प्रेसवार्ता कर घटना का खुलासा किया है। चंदौसी रोडवेज बस अड्डे से आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है।

क्षेत्र के गांव चिमायवली के जंगल में 18 मार्च को गेहूं के खेत में महिला व बच्चे की निवस्त्र व सिरकटी लाश मिली थी। पुलिस ने शवों की शिनाख्त कराने की कोशिश की लेकिन नहीं हो सकी थी। पुलिस की 18 टीमें मामले के खुलासे में जुटी थी। जांच में मृतका की शिनाख्त जिला शहजांपुर के गांव लहरावर निवासी ममता उर्फ शाहिन के रूप में हुई। दूसरा शव उसके बेटे करन उर्फ समीर का था जो गाजियाबाद के एक स्कूल में कक्षा 1 का छात्र था। महिला को कोतवाली क्षेत्र के गांव चिमयावली निवासी वाहिद के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। वाहिद की छह माह पहले चिमियावली निवासी अरमाना से शादी हुई थी।

अरमाना को शादी की जानकारी हुई तो उसने ममता उर्फ शाहिन का विरोध जताया। पति-पत्नी में तकरार रहने लगी थी। पत्नी अरमाना के कहने पर वाहिद ने ममता को रास्ते से हटाने के लिए उसे मौत के घाट उतारने का मन बना लिया। 18 मार्च को वाहिद ने अपनी पत्नी अरमाना, भाई गुड्डू, ससुर कलुआ व सास सोफिया के साथ मिलकर ममता व उसके बच्चों की हत्या करने की प्लानिंग बना ली। 18 मार्च को वाहिद ममता व उसके बेटे व बेटी को गाजियाबाद से चिमायावली ले आया। जहां एक गेहूं के खेत में वाहिद ने अपने ससुर कलुआ व अपने भाई गुडडू के साथ मिलकर महिला व उसके बेटे की चाकू से गर्दन काटकर हत्या कर दी थी। उसकी बेटी मंजू उर्फ जैनब को नासमझ मानकर नहीं मारा।
अपर पुलिस महानिदेशक प्रेमप्रकाश ने बताया कि महिला व मासूम की हत्या के मामले में वाहिद व उसके ससुर कलुआ व उसकी पत्नी अरमाना व उसकी मां सोफिया को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से दो छुरी, ममता का आधार कार्ड, करन के स्कूल का आईकार्ड, खून से सनी वाहिद की शर्ट व बरामद की हैं। फरार गुड्डू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। आरोपियों का पुलिस ने चालान कर दिया है। मृतक महिला की बेटी को पुलिस ने चाइल्ड हेल्पलाइन को सौंप दिया है।












Click it and Unblock the Notifications