लखीमपुर हिंसा: मंत्री के बेटे आशीष मिश्रा को आखिरकार पुलिस ने किया गिरफ्तार
लखीमपुर, अक्टूबर 09: लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में आखिरकार यूपी पुलिस ने करीब 12 घंटे पूछताछ के बाद आरोपी केंद्रीय मंत्री के बेटे आशीष मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। लखीमपुर में क्राइम ब्रांच के दफ्तर में आशीष मिश्रा से मजिस्ट्रेट के सामने सवाल-जवाब हुए, लेकिन जांच में सहयोग नहीं करने के आरोप में आशीष मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी आशीष मिश्र से आज शनिवार को सुबह 11 बजे से 6 लोगों की टीम ने पूछताछ की।

कार से किसानों को कुचलने के मामले में आशीष मिश्र की गिरफ्तारी की मांग पिछले कुछ दिनों से लगातार की जा रही थी। विपक्षी नेता और किसान इस गिरफ्तारी को लेकर यूपी सरकार पर लगातार दबाव बना रहे थे। जिसके बाद आज आशीष मिश्रा आज पुलिस के सामने पेश हुए थे। जिसके बाद उनसे 12 घंटे तक पूछताछ चली।लखीमपुर हिंसा के मुख्य आरोपी आशीष मिश्रा से सुबह 11 बजे से पूछताछ चल रही है। हालांकि केंद्रीय मंत्री के बेटे ने स्वीकार किया कि किसानों के ऊपर से दौड़ी एसयूवी उसकी है, लेकिन उसका कहना है कि वह उसमें सवार नहीं था।
जानकारी के मुताबिक इस बीच आशीष से 40 सवाल पूछे गए। आशीष मिश्रा को पूछताछ के दौरान सहयोग नहीं करने और कुछ सवालों के जवाब नहीं देने के कारण गिरफ्तार किया गया है। अब उसे कल कोर्ट के सामने पेश किया जाएगा। पुलिस पूछताछ के लिए आशीष की रिमांड की मांग करेगी। आशीष मिश्रा की गिरफ़्तारी पर डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल ने कहा कि, लंबी पूछताछ के बाद हमने पाया कि वे(आशीष मिश्रा) सहयोग नहीं कर रहे, विवेचना में कई बातें बताना नहीं चाहते। इसलिए हम उन्हें गिरफ्तार कर रहे हैं, उन्हें कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा।
आशीष मिश्रा के खिलाफ आईपीसी की धारा 147, 148, 149 (दंगों से संबंधित), 279 (लापरवाही से गाड़ी चलाना), 338 (किसी शख्स को चोट पहुंचाना जिससे उसकी जान को खतरा हो), 304-ए (लापरवाही से मौत), 302 (हत्या) और 120 बी (आपराधिक साजिश रचना) के तहत केस दर्ज हुआ है। पूछताछ के दौरान 14 बार चाय और नाश्ता अंदर गया है। आशीष मिश्रा के साथ उनके वकील अवधेश सिंह और मंत्री अजय मिश्र टेनी के प्रतिनिधि अरविंद सिंह संजय और भाजपा के सदर विधायक योगेश वर्मा भी अंदर मौजूद रहे।
इससे पहले लखीमपुर हिंसा पर देश भर में आक्रोश के बीच सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार को तीखी फटकार लगाई थी। जस्टिस एनवी रमना ने कहा था कि जो भी शामिल है उसके खिलाफ अपना काम करना चाहिए। उन्होंने कहा था कि आप क्या संदेश भेज रहे हैं? सामान्य परिस्थितियों में भी ... क्या पुलिस तुरंत नहीं जाएगी और आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करेगी। चीजें उस तरह से आगे नहीं बढ़ीं जैसे उन्हें होना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications