मुरादाबाद: भीख मंगवाने के लिए काटे दोनों हाथ, बेहोश कर किया था अपहरण, देखिए ये तस्वीरें
धर्मेंद्र के मुताबिक जब वो गांव से बाजार जा रहा था उसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उसे कपड़े में नशीली दवा सुंघाकर उसको बेहोश कर दिया और अपने साथ ले गए।
मुरादाबाद। युवक का अपहरण कर उसके दोनों हाथ काटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों के मुताबिक युवक को अज्ञात बदमाशों ने नशीला पदार्थ सुंघाकर पहले अपहरण किया और फिर दिल्ली ले जाकर उसके हाथ काट दिए। भीख मंगवाने के लिए युवक के हाथ काटने वाले बदमाश हालत बिगड़ने पर युवक को छोड़कर फरार हो गए।

दिल्ली पुलिस ने युवक को अस्पताल में भर्ती कराया जहां से परिजनों को जानकारी दी गई। इसके बाद अब युवक को मुरादाबाद के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला अस्पताल में भर्ती इस युवक का नाम धर्मेंद्र है और ये मुरादाबाद के मैनाठेर थाना क्षेत्र के मधुपुरी गांव का रहने वाला है। धर्मेंद्र की गांव में ही कपड़े सिलाई की दुकान है। पांच दिन पहले धर्मेंद्र घर से बाजार जाने को कहकर निकला था लेकिन पूरी रात वापस नहीं लौटा, जिसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी तलाश करने के बाद भी धर्मेंद्र का कोई सुराग नहीं मिला तो परिजन भी मायूस हो गए। दो दिन पहले दिल्ली से आए एक फोन ने परिजनों को नई उम्मीद दिखाई। परिजनों को फोन पर दिल्ली के लोकनायक अस्पताल में धर्मेंद्र के भर्ती होने की बात पता चली। धर्मेंद्र को लेने उसके पिता कल्लू सिंह जब अस्पताल पहुंचे तो उनके होश उड़ गए।

दरअसल धर्मेंद्र के दोनों हाथ काटे गए थे और उसकी हालत गंभीर थी। धर्मेंद्र के मुताबिक जब वो गांव से बाजार जा रहा था उसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उसे कपड़े में नशीली दवा सुंघाकर उसको बेहोश कर दिया और अपने साथ ले गए। अपहरणकर्ता उसे अपने साथ दिल्ली ले गए जहां उससे भीख मंगवाने के लिए धर्मेंद्र के दोनों हाथ काट दिए और उसे भीख मांगकर लाने के लिए मजबूर करने लगे।

धर्मेंद्र ने अपहरणकर्ताओं की बात मानने से इनकार कर दिया तो उसे जख्मी हालत में पटेलनगर में छोड़कर बदमाश फरार हो गए। लोगों की सूचना पर जख्मी धर्मेंद्र को दिल्ली पुलिस ने लोकनायक अस्पताल में भर्ती कराया। जख्मी धर्मेंद्र को परिजनों द्वारा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहा डॉक्टर उसकी हालत पर नजर रखे हुए हैं। डॉक्टर अशोक कुमार के मुताबिक धर्मेंद्र के हाथों को धारदार हथियार से काटा गया है और सर्जरी के बाद घाव भरने में लंबा वक्त लग सकता है।

मुरादाबाद और आस-पास के जिलों में बेरोजगार युवकों को नौकरी दिलाने और अन्य झांसे देकर अपने साथ ले जाने और उन्हें भिखारी बनाकर सड़को पर छोड़ने के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं। लेकिन इस तरह के मामलों में पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली बदमाशों के हौसले ही बढ़ाती है। देखना होगा की धर्मेंद्र के साथ हुई इस घटना पर पुलिस कब तक कार्रवाई कर दोषियों को गिरफ्तार करती है।












Click it and Unblock the Notifications