MMMUT ने गूगल स्कॉलर साइटेशन में विश्व स्तर पर बनाई पहचान, हासिल की शानदार रैंकिंग,जानिए कितनी बड़ी है उपलब्धि
MMMUT Gorakhpur And World Google Scholar Citations Latest News In Hindi Uttar Pradesh: मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर को शोध गुणवत्ता की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। स्पेन की हायर काउंसिल फॉर साइंटिफिक रिसर्च के इंस्टीट्यूट ऑफ पॉलिसीज द्वारा गूगल स्कॉलर साइटेशन के आधार पर की गई संस्थानों की ट्रांसपेरेंट रैंकिंग में मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय को राज्य विश्वविद्यालयों में तीसरा स्थान मिला है।
रैंकिंग के अनुसार विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं द्वारा प्रकाशित शोध पत्रों को विश्व भर के अन्य शोधकर्ताओं द्वारा 33664 बार उद्धृत/ संदर्भित (साइट) किया गया है। इस रैंकिंग में 99065 साइटेशन के साथ सैम हाईगिनबॉटम यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर टेक्नोलॉजी प्रदेश में प्रथम स्थान पर है जबकि 69069 साइटेशन के साथ लखनऊ विश्वविद्यालय दूसरे स्थान पर है। एम एम एम यू टी तीसरे स्थान पर है जबकि एच बी टी यू, कानपुर और कानपुर विश्वविद्यालय क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर हैं।

स्पेन की उक्त संस्था द्वारा की गई रैंकिंग में शिक्षा संस्थानों को प्रत्येक संस्थान के शीर्ष शोधकर्ताओं द्वारा उनके सार्वजनिक गूगल स्कॉलर प्रोफ़ाइल के आधार पर प्राप्त उद्धरणों/ संदर्भों (साइटेशन) की संख्या के आधार पर रैंकिंग दी जाती है। वर्ष 2025 के लिए की गई रैंकिंग में पूरी दुनिया के 5967, भारत के 804, एवं प्रदेश के 57 विश्वविद्यालयों/ संस्थानों को शामिल किया गया था। उत्तर प्रदेश के जिन 57 विश्वविद्यालयों/ संस्थाओं को इस रैंकिंग में शामिल किया गया था उनमें 12 केंद्रीय, 11 राज्य, और 34 निजी विश्वविद्यालय हैं।
इस रैंकिंग की गुणवत्ता और महत्व का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि दुनिया की लगभग सभी रैंकिंग में शीर्ष पर रहने वाले विश्वविद्यालय ही इस रैंकिंग में भी शीर्ष पर हैं। इस रैंकिंग में शीर्ष पांच विश्वविद्यालय क्रमशः हार्वर्ड विश्वविद्यालय, स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय, मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय बर्कले, एवं ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय हैं। इस उपलब्धि की सूचना मिलते ही शिक्षकों ने एक दूसरे को बधाई दी।












Click it and Unblock the Notifications