MLA Pooja Pal: 'अगर मेरी हत्या हुई तो अखिलेश यादव होंगे जिम्मेदार', विधायक पूजा पाल के पत्र से मचा हड़कंप
MLA Pooja Pal Letter to Akhilesh Yadav: यूपी के चायल विधानसभा सीट से विधायक पूजा पाल, जिन्हें हाल ही में समाजवादी पार्टी से निष्कासित किया गया है, ने पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को पत्र लिखकर अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है।
पत्र में उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि उनकी हत्या होती है तो इसके लिए समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव जिम्मेदार होंगे। पूजा पाल ने लिखा,'मैंने अपना वास्तविक लक्ष्य प्राप्त कर लिया है। मेरे पति के हत्यारों को सजा मिल गई है। अब मुझे मौत भी मिले तो गर्व ही होगा।'

मेरी हत्या का दोषी अखिलेश यादव होंगे- पूजा पाल
पूजा पाल ने आगे लिखा कि, 'महोदय एक बेकसूर, विधवा, अनाथ, अति पिछड़े की बेटी पूजा पाल को समाज वादी पार्टी के लोग किस-किस तरह की गन्दी गन्दी गालियों सोशल मीडिया पर देते हैं, यहां तक की जान से मारने की भी धमकियों दी जाती हैं, आपने मुझे जिस तरह बीच रास्ते में अपमानित कर मरने के लिये छोड़ दिया है, जिससे समाजवादी पार्टी के अपराधी अनुयायिओं का मनोबल बहुत बढ़ गया है, इसलिये सम्भव है मेरे पति की भांति मेरी भी हत्या हो जाय, यदि ऐसा होता है तो मैं सरकारों से प्रशासन से मांग करती हूं कि मेरी हत्या का वास्तविक दोषी समाजवादी पार्टी / श्री अखिलेश यादव को ही माना जाय।
ये भी पढ़ें MLA Pooja Pal शादी के 9 दिन बाद ही हो गईं थीं विधवा, जानें कैसे मायावती-अखिलेश ने भुनाया?
अखिलेश यादव पर लगाया गंभीर आरोप
पत्र में पूजा पाल ने लिखा कि, 'यदि आपने मुझे भारतीय जनता पार्टी के राज्य सभा के प्रत्याशी को वोट देने के कारण पार्टी से निस्कासित किया है तो मैं पूँछना चाहती हूँ कि हमारे निस्कासन के बाद अभी आपने कास्टीट्यूशनल क्लब, दिल्ली के चुनाव में स्वयं भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी को वोट दिया है तो आप हमे इस बात की सजा कैसे दे सकते हो, लेकिन यह आपका अहंकार ही है कि एक विधवा अति पिछड़ी जाति की बेटी के भीतर आपको गुनाह दिखता है और जब वही गुनाह आपकी पत्नी स्वयं भारतीय जनता पार्टी को कान्स्टीट्शनल क्लब में वोट देकर आती है तो वह गुनाह नही होता है। आप, आपकी पत्नी और आपकी पूरी पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी को वोट दिया, ऐसे कई बार है। आप, आपकी पत्नी और आपकी पूरी पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी को वोट दिया।
पूजा पाल ने आगे लिखा कि, ऐसे कई बार अवसर आये जब आपने कभी कॉग्रेस को वोट दिया / दिलाया और कभी बसपा को वोट दिया /दिलाया। आपने अपने स्वार्थ में अपनी सैफई प्राइवेट लि० कम्पनी को यढ़ाने के लिये दूसरे दलों को वोट दिलाकर / देकर समर्थन किया, अगर आप अपने स्वार्थ में ऐसा कर सकते हो तो नौ दिन की विवाहिता बेटी विधवा हो गयी और उसको किसी ने यदि न्याय दे दिया और हमने इतने बड़े काम के बदले न्याय देने वाले को सिर्फ धन्यवाद दे दिया तो मुझे पार्टी से निकाल दिया जाता है, जबकि यह भारतीय संस्कृति का हिस्सा है।
कौन हैं पूजा पाल?
पूजा पाल की शादी 16 जनवरी 2005 को राजू पाल से हुई थी। राजू पाल इलाहाबाद (पश्चिमी) विधानसभा सीट से बसपा विधायक थे। शादी के महज 9 दिन बाद, 25 जनवरी 2005 को उनकी दिनदहाड़े हत्या कर दी गई, जिसने इलाहाबाद की सियासत में भूचाल ला दिया।
अपने पति की हत्या के बाद पूजा पाल ने अतीक अहमद और उसके गुर्गों के खिलाफ FIR दर्ज कराई। इस कदम के बाद वह 'अतीक गैंग से लोहा लेने वाली' नेता के रूप में उभरीं। उन्होंने उपचुनाव भी लड़ा, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद 2007 और 2012 में उन्होंने BSP के टिकट पर इलाहाबाद शहर (पश्चिम) से विधायक के रूप में जीत हासिल की।
2017 में चुनाव हारने के बाद, 2022 में पूजा पाल ने सपा के टिकट पर चायल विधानसभा सीट से जीत दर्ज की। समाजवादी पार्टी ने बीजेपी से नजदीकी की वजह से पूजा पाल को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
ये भी पढ़ें Pooja Pal: दूसरी शादी और तलाक पर पूजा पाल का बड़ा दावा, अतीक और रिश्तेदारों को लेकर किया खुलासा












Click it and Unblock the Notifications