Pooja Pal: दूसरी शादी और तलाक पर पूजा पाल का बड़ा दावा, अतीक और रिश्तेदारों को लेकर किया खुलासा
Pooja Pal: उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी सपा से हाल ही में निकाली गईं की पूर्व विधायक पूजा पाल इन दिनों खासी चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ की थी, जिसके बाद उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। इस घटना के बाद से ही सोशल मीडिया पर उनके जीवन और राजनीतिक सफर को लेकर तरह-तरह के सवाल उठाए जा रहे हैं, जिनमें उनके निजी जीवन और दूसरी शादी से जुड़े सवाल प्रमुख हैं।
दूसरी शादी टूटने की बताई वजह
इन सवालों का जवाब देते हुए पूजा पाल ने खुद अपनी दूसरी शादी के टूटने की वजह बताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा कि 'कुछ लोग उनके निजी जीवन पर लगातार टिप्पणी करते हैं, और उन्हें इससे कोई आपत्ति नहीं है, बशर्ते वे सही जानकारी दें।'

अतीक ने रिश्तेदारों संग मिलकर रची साजिश
उन्होंने अपनी पोस्ट में खुलासा किया कि '2017 के विधानसभा चुनाव में हार के बाद, पूर्व सांसद अतीक अहमद और उनके मायके के कुछ रिश्तेदारों ने मिलकर उनके खिलाफ साजिश रची। उनका मकसद पूजा पाल के राजनीतिक करियर को खत्म करना और उन्हें राजू पाल हत्याकांड के मुकदमे से दूर रखना था, ताकि विधायक का चुनाव लड़ने का मौका उन्हें मिल सके। इस षड्यंत्र में उनके अपने परिवार के लोग भी शामिल थे।'
शादी के बाद पता चली सच्चाई
पूजा पाल ने आगे बताया कि 'अतीक अहमद की हत्या के बाद उनके ही परिवार के भाई ने राजू पाल हत्याकांड के मुकदमे की जिम्मेदारी ली और उनसे शादी करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि शादी के कुछ दिनों बाद ही उन्हें सच्चाई का पता चला। उन्हें पता चला कि ये लोग इस सोच में थे कि अब अतीक के खिलाफ मुकदमा खत्म हो जाएगा। हालांकि, पूजा पाल ने अपने इरादे नहीं बदले।'
उन्होंने लिखा कि 'षड्यंत्रकारियों ने सोचा था कि अब उनके रास्ते का कांटा हट गया है और पूजा पाल का राजनीतिक करियर भी खत्म हो जाएगा। उन्हें यह भी लगा कि अतीक अहमद के मुकदमे खत्म हो जाएंगे और वे चुनाव भी लड़ पाएंगे। जब पूजा पाल को इस साजिश का पता चला, तो उन्होंने इसका विरोध किया और जांच-परख के बाद सच्चाई सामने आने पर अदालत के माध्यम से अपनी शादी से तलाक के लिए अर्जी भी दी।'
मैंने जनता को सब बताया- पूजा
पूजा पाल ने जोर देकर कहा कि 'आज भी जनता का विश्वास और प्रेम उनके साथ है। उन्होंने कहा कि विधानसभा में सच बोलने के बावजूद, कुछ लोग सिर्फ उनकी छवि खराब करने के लिए षड्यंत्र रच रहे हैं और उनके निजी जीवन के बारे में लिख रहे हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके शहर पश्चिमी और चायल की जनता उनके दुख और तकलीफों से वाकिफ है, क्योंकि उन्होंने सब कुछ जनता को बताया है।''
समाजवादी नेता मुझसे चिढ़ गए- पूजा
पूजा पाल ने दावा किया कि 'कुछ समाजवादी नेता इस बात से चिढ़े हुए हैं कि जनता का स्नेह और प्रेम आज भी उन्हें मिल रहा है, और इसीलिए वे उनकी छवि को धूमिल करने के लिए तरह-तरह की चालें चल रहे हैं।'
पूजा पाल के इस बयान पर अपनी प्रतिक्रिया हमें कमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications