VIDEO: 2019 की तैयारियों में जुटी बीजेपी, नेताओं के लिए यहां बनाये जा रहे टोपी और यूनिफॉर्म
मथुरा। भारतीय जनता पार्टी 2019 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुट गई है। इसके लिए भाजपा नेताओं की यूनिफॉर्म तैयार होने लगी है। भाजपा नेताओं के लिए टोपी, दुपट्टा और कुर्ता पायजामा बनवाये जा रहे हैं तो वहीं हर लोकसभा सीट के लिए झंडियां भी तैयार होने लगी है। हालांकि सबसे ज्यादा डिमांड मोदी और योगी कुर्ते की है।

आरएसएस के निर्देश पर चल रही है तैयारी
भाजपा के लिए यह तैयारी आरएसएस के निर्देश पर मथुरा के नगला पंडित दीनदयाल धाम में चल रही है। बता दें कि पंडित दीनदयाल धाम शुरू से ही भाजपा और आरएसएस की विशेष रणनीति तैयार करने वाली जगह रही है। यही वजह है कि यहां 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियों के लिए आरएसएस के स्वयंसेवक अभी से जुट गए है। भले ही देश भर के राजनीतिक दलों की निगाहें इस समय कर्नाटक विधानसभा चुनाव पर लगी हों, लेकिन नगला दीन दयाल धाम में 2019 में होने वाले आम चुनाव की तैयारियों में भाजपा जुट गई है।

बड़ी संख्या में चल रही है तैयारी
नगला दीन दयाल धाम में इन दिनों जोर शोर से सिलाई और कटाई का काम चल रहा है। क्योंकि यहां भाजपा नेताओं की यूनिफॉर्म से लेकर भगवा दुपट्टा, टोपी और झंडियां तैयार की जा रही हैं। लोकसभा क्षेत्र के हिसाब से भाजपा लिखे दुपट्टे भी तैयार हो रहे है, वहीं झंडे और बैनरों पर भी काम चल रहा है। सिलाई केंद्र नगला दीनदयाल धाम के प्रमुख राधेश्याम ने बताया कि संघ का गणवेश मुख्य रूप से पेंट है, शर्ट है टोपी है और इस समय योगी भगवा कलर की ज्यादा डिमांड है, इसके अलावा झंडी, बैनर, और ॐ की पताका है। यह सब हम बनाते हैं। इनकी ही तैयारियां चल रही हैं।

50 मशीनों पर चल रहा है काम
2019 जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है काम में तेजी लाई जा रही है। बता दें कि फिलहाल यहां 50 मशीनों पर काम चल रहा है। नगला दीनदयाल धाम में चल रही तैयारियों के बारे में जब यहां के निदेशक राजेन्द्र जी से बात की तो उन्होंने कहा कि जब जहां से डिमांड आती है उसी हिसाब से सामग्री तैयार की जाती है।












Click it and Unblock the Notifications