'पिता ने कारसेवकों को...', केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा बहराइच हिंसा सपा-कांग्रेस की साजिश
Statement of Union Minister Giriraj Singh: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह मंगलवार को वाराणसी पहुंचे। वाराणसी एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने सपा और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। बहराइच घटना पर भी उन्होंने बयान दिया।
मीडिया कर्मियों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि बहराइच में हुई हिंसा के लिए सपा और कांग्रेस जिम्मेदार हैं। इसके अलावा उन्होंने अखिलेश यादव का नाम लेकर कहा कि आपके पिता ने कार सेवकों को गोलियों से भूनवा दिया। यह बात आज तक नहीं भूले हैं।

दरअसल, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह मंगलवार को भदोही में स्थित कारपेट एक्सपो मार्ट का शुभारंभ करने के लिए वाराणसी एयरपोर्ट पर पहुंचे थे। वाराणसी एयरपोर्ट से कार द्वारा भदोही के लिए रवाना होने से पहले उन्होंने एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत की।
बातचीत के दौरान बहराइच में हुई हिंसा को लेकर उनसे सवाल पूछा गया जिस पर उन्होंने सपा और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने अखिलेश यादव से सवाल पूछते हुए कहा कि क्या अखिलेश जी बताएंगे कि देश का बंटवारा हिंदू और मुस्लिम धर्म के आधार पर हुआ था?
या फिर देश का बंटवारा इसलिए हुआ था कि हमें गोलियां खानी पड़े? हमें अपने ही देश में प्रतिमा विसर्जन के लिए रूट देखकर विसर्जन जुलूस निकालना पड़ेगा? विसर्जन जुलूस निकालने पर गोलियां खानी पड़ेंगीं? आखिर अपने देश में ऐसा क्यों हो रहा है?
आगे उन्होंने कहा कि बहराइच हिंसा समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की साजिश है। बहराइच और बांग्लादेश जैसी घटना होने पर अखिलेश यादव के पेट में दर्द होने लगता है और उनकी जुबान तक नहीं खुलती है। इसके अलावा उन्होंने तेजस्वी यादव की यात्रा पर भी सवाल खड़ा किया।
उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव खुद ही यात्रा निकाल रहे हैं। उन्होंने अभी कहा कि तेजस्वी यादव की यात्रा मुसलमान जोड़ो और वोट जोड़ों के लिए है, लेकिन मेरी यात्रा लोगों को जगाने के लिए है। वाराणसी एयरपोर्ट पर मीडिया कर्मियों से बात करने के बाद केंद्रीय के मंत्री भदोही के लिए प्रस्थान कर गए।












Click it and Unblock the Notifications