दिल्ली से यूपी वालों को घर पहुंचाने के लिए योगी सरकार ने किया बसों का इंतजाम, 1 लाख लोग निकलेंगे
लखनऊ। कोरोना से मचे कोहराम के चलते दिल्ली में लॉकडाउन लागू कर दिया गया। ऐसे में यहां बिहार, यूपी समेत कई राज्यों के प्रवासी मजदूर अपने-अपने घरों को लौटने लगे हैं। हालांकि, बसों की कमी पड़ रही है। ऐसे में यूपी की सरकार ने 70 हजार से 1 लाख लोगों को दिल्ली से यूपी के विभिन्न हिस्सों में पहुंचाने के लिए रातों-रात बसों का इंतजाम किया।

यूपी सरकार में मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने आज कहा कि, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर प्रवासी मजदूरों को उनके गृहस्थान पहुंचाने के लिए बसों का इंतजाम किया गया है। सिंह ने दिल्ली की सरकार पर निशाने साधते हुए कहा कि केजरीवाल सरकार ने मजदूरों को उनके हाल पर छोड़ दिया है। उन्होंने कहा, 'दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा लॉकडाउन की घोषणा किए जाने के बाद गाजियाबाद और नोएडा की सीमा पर प्रवासियों की भारी संख्या देखी गई। इन लोगों को वाहनों के इंतजार में खडे देख यूपी के मुख्यमंत्री ने पिछली रात काफी बसों का इंतजाम किया।'

सिद्धार्थ नाथ सिंह बोले कि, दिल्ली बॉर्डर पर फंसे करीब 70,000 से एक लाख मजदूरों की मदद करने के लिए यूपी सरकार द्वारा बसें भेजी गई हैं। अब इन मजदूरों को इनके गृह जनपद पहुंचाया जाएगा।' मंत्री ने कहा कि, दिल्ली बॉर्डर पर वाहनों के इंतजार में भटक रहे ज्यादातर लोग यूपी और बिहार के प्रवासी मजदूर हैं। सोमवार को पूर्वी दिल्ली के आनंद विहार बस स्टेशन और रेलवे स्टेशनों पर प्रवासी मजदूरों की भारी भीड़ देखी गई थी। आज भी हजारों लोग दिल्ली से निकल रहे हैं।














Click it and Unblock the Notifications