Drishyam 3 Release: मोहनलाल की वापसी ने मचाया तहलका, थिएटरों में उमड़ी भीड़, 'दृश्यम 3' करेगी रिकॉर्ड कमाई?
Drishyam 3 Release: साउथ सुपरस्टार मोहनलाल (Mohanlal) की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'दृश्यम 3' आखिरकार आज यानी 21 मई 2026 (गुरुवार) को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। खास बात ये है कि फिल्म को मोहनलाल के जन्मदिन के खास मौके पर रिलीज किया गया है, जिसने फैंस के उत्साह को कई गुना बढ़ा दिया है।
21 मई 2026 को रिलीज हुई मोहनलाल की 'दृश्यम 3'
आपको बता दें कि फिल्म के रिलीज के पहले ही दिन थिएटरों के बाहर भारी भीड़ देखने को मिली और सोशल मीडिया पर #Drishyam3 ट्रेंड करने लगा है। फिल्म के रिलीज होते ही दर्शकों ने इसे लेकर अपने रिएक्शन देने शुरू कर दिए हैं। सस्पेंस, इमोशन और थ्रिल से भरपूर इस फिल्म को लेकर शुरुआती माहौल बेहद शानदार नजर आ रहा है।

फिर लौटे जॉर्जकुट्टी लेकिन इस बार दांव और बड़ा
-निर्देशक जीतू जोसेफ एक बार फिर दर्शकों के सामने जॉर्जकुट्टी की कहानी लेकर आए हैं। फिल्म की कहानी पिछले पार्ट के करीब साढ़े चार साल बाद शुरू होती है, जहां पुराने राज फिर से सामने आने लगते हैं।
-जॉर्जकुट्टी अब भी अपने परिवार को बचाने की कोशिश में जुटा है लेकिन इस बार हालात पहले से ज्यादा खतरनाक दिखाई देते हैं। फिल्म की टैगलाइन- 'साल गुजर गए...अतीत नहीं गुजरा', पहले ही दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्सुकता पैदा कर चुकी थी और फिल्म उसी सस्पेंस को आगे बढ़ाती नजर आती है।
-जानकारी के अनुसार करीब 159 मिनट लंबी फिल्म 'दृश्यम 3' को मलयालम के साथ-साथ तमिल, तेलुगू और कन्नड़ भाषाओं में भी रिलीज किया गया है।
फर्स्ट हाफ स्लो पर इंटरवल ने बढ़ा दिया रोमांच
-फिल्म का पहला शो देखने वाले दर्शकों ने सोशल मीडिया पर अपने रिव्यू शेयर करने शुरू कर दिए हैं। कई लोगों का कहना है कि फिल्म का पहला हिस्सा फैमिली ड्रामा पर ज्यादा फोकस करता है और इसकी रफ्तार थोड़ी धीमी महसूस होती है।
-हालांकि इंटरवल के आसपास आने वाला बड़ा ट्विस्ट दर्शकों को पूरी तरह बांध लेता है। वहीं दूसरे हाफ को फिल्म की सबसे बड़ी ताकत बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स का कहना है कि क्लाइमैक्स दर्शकों को चौंका देता है और जीतू जोसेफ ने एक बार फिर अपनी शानदार कहानी कहने की कला साबित कर दी है।
थिएटरों में वायरल हुआ 'दृश्यम 3' का टाइटल कार्ड
-फिल्म रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चा इसके टाइटल कार्ड की हो रही है। फर्स्ट डे फर्स्ट शो के दौरान थिएटरों में फैंस ने जमकर सीटियां और तालियां बजाईं।
-मोहनलाल के जन्मदिन और फिल्म रिलीज का ये डबल सेलिब्रेशन फैंस के लिए किसी त्योहार से कम नहीं दिखा। कई सिनेमाघरों के बाहर सुबह से ही लंबी लाइनें नजर आईं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियोज में दर्शकों का जबरदस्त क्रेज साफ दिखाई दे रहा है।
मोहनलाल पहुंचे थिएटर, फैंस के साथ देखा शो
रिलीज के दिन मोहनलाल खुद थिएटर पहुंचकर फैंस को सरप्राइज देते नजर आए। एक्टर को थिएटर में देखकर दर्शकों का उत्साह और भी बढ़ गया था। उनकी तस्वीरें और वीडियोज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। फैंस ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और फिल्म के लिए जोरदार स्वागत किया। इससे फिल्म को लेकर बना माहौल और भी हाई हो गया है।
एडवांस बुकिंग में रिकॉर्डतोड़ कमाई
-रिलीज से पहले ही 'दृश्यम 3' ने बॉक्स ऑफिस पर बड़ा रिकॉर्ड बना दिया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म के 250 से ज्यादा शो पहले ही हाउसफुल हो चुके थे। खास बात ये है कि ये आंकड़ा फैन शोज को शामिल किए बिना बताया गया है।
-फिल्म की एडवांस बुकिंग ने दुनियाभर में करीब 35 करोड़ रुपये से ज्यादा की प्री-सेल्स दर्ज की है। केरल में फिल्म को सबसे शानदार रिस्पॉन्स मिला जबकि ओवरसीज मार्केट में भी इसका जबरदस्त क्रेज देखने को मिला है।
-मलयालम वर्जन ने अकेले रिकॉर्डतोड़ कमाई की है और इसे मलयालम सिनेमा की अब तक की दूसरी सबसे बड़ी प्री-सेल्स बताया जा रहा है। अगर वीकेंड तक दर्शकों का यही उत्साह बना रहा तो फिल्म शुरुआती दिनों में ही बड़े रिकॉर्ड तोड़ सकती है।
क्यों खास है 'दृश्यम' फ्रेंचाइजी?
-'दृश्यम' सीरीज हमेशा से अपने शानदार सस्पेंस और दमदार कहानी के लिए जानी जाती रही है। पहली फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचा था जबकि दूसरा पार्ट सीधे ओटीटी पर रिलीज होकर भी जबरदस्त हिट साबित हुआ था।
-इस फ्रेंचाइजी की सबसे बड़ी ताकत इसका थ्रिल और इमोशनल कनेक्शन रहा है। जॉर्जकुट्टी का किरदार आज भी भारतीय सिनेमा के सबसे आइकॉनिक किरदारों में गिना जाता है।
-फिल्म में मोहनलाल के अलावा मीणा, आशआ सरत और कई पुराने कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि 'दृश्यम 3' बॉक्स ऑफिस पर कितने बड़े रिकॉर्ड अपने नाम करती है।













Click it and Unblock the Notifications