यूपी: करवाचौथ की रात नौकर की मदद से पत्नी और बेटे ने मिलकर की थी बीजेपी नेता की हत्या
मेरठ। अपने पति की लंबई आयु के लिए महिला करवा चौथ का व्रत रखती है। लेकिन मेरठ में एक ऐसा चौकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने बेटे और नौकर के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी। मेरठ पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए महिला, बेटे और नौकर को आलाकत्ल के साख गिरफ्तार कर लिया है।

क्या था मामला
जानकारी के अनुसार, घटना मेरठ के दौराला थानाक्षेत्र के गांव मछरी की है। शनिवार देर रात घर में सो रहे किसान सुंदरपाल की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई थी। वहीं, दूसरे कमरे में सो रही उसकी पत्नी कविता का कहना था कि उसने रात को कोई आवाज नहीं सुनी। रविवार की सुबह पांच बजे पत्नी कविता ने देखा तो वह फर्श पर पेट के बल पड़े थे और उसके मुंह से खून निकल रहा था। पड़ोस में रहने वाले भतीजे प्रशांत को बुलाया तो सुंदरपाल की हत्या का पता चला। मृतक की पत्नी ने बताया कि उसका बेटा कुलदीप और नौकर सादरी रात में खेत पर थे, जबकि वह अंदर वाले कमरे में सो रही थी। सुबह उठकर सुंदरपाल को लहूलुहान देखा।

हैरान करने वाली सच्चाई आई सामने
सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक विभाग ने घटना स्थल से साक्ष्यों को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई सोरन सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई। पुलिस की जांच में हैरान करने वाला मामला सामने आया। पुलिस ने बताया कि मृतक सुंदरपाल की हरकतों से आजिज आकर पत्नी और बेटे ने नौकर के साथ मिलकर करवाचौथ के दिन सुंदरपाल की हत्या कर दी। हत्या के लिए करवाचौथ का दिन भी इसलिए चुना जिससे किसी को उन पर शक न हो।

पुलिस ने किया घटना का खुलासा
एसपी सिटी रणविजय सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि मृतक सुंदरपाल के बेटे कुलदीप, पत्नी कविता और बंगाली नौकर शादरी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से आला-ए-कत्ल फरसा, मृतक का मोबाइल और कुलदीप की खून से सनी शर्ट व पैंट बरामद हो गई है। पूछताछ में मृतक की पत्नी ने बताया कि सुंदरपाल बेहद जालिम था और अक्सर बेवजह अपनी पत्नी कविता और बेटे कुलदीप को सरेआम पीटता था। इतना ही नहीं आठ वर्ष पूर्व अपनी 14 वर्षीय बेटी नीति की भी सुंदरपाल ने गला घोंटकर हत्या कर दी थी और मामले को खुदकुशी बताकर साफ बच गया। फिलहाल पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।












Click it and Unblock the Notifications