इलाहाबाद: हिंसक झड़प के बाद पुलिस लाठीचार्ज, बवाल में कई घायल
इलाहाबाद। इलाहाबाद के फूलपुर इलाके में शुक्रवार को दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई। सड़क पर बवाल कर रहे लोगों को शांत कराने में पुलिस ने लाठीचार्ज किया तो जनाक्रोश भड़क गया। आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर पत्थरबाजी के साथ आगजनी कर दी। पत्थरबाजी में एसडीएम सीओ, कई पुलिसकर्मियों समेत अन्य लोग घायल हो गए हैं।

मौके पर पहुंची फोर्स
एसडीएम करछना गणपति राजा का पैर फैक्चर हो गया है। कंट्रोल रूम में सूचना देने के बाद पीएसी और आरएएफ के जवान मौके पर पहुंचे जिसके बाद स्थिति को संभाला जा सका। घायल एसडीएम व अन्य लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत इलाके में फोर्स तैनात कर दी गई है।

क्या था मामला
इलाहाबाद के घूरपुर करमा बाजार में सुभाष पटेल के खेत से पुआल चोरी हो गया था। इसे लेकर पड़ोस के ही नदीम आदि से विवाद हुआ और मामला मारपीट तक पहुंच गया। पुलिस ने हस्तक्षेप कर उस वक्त झगड़ा शांत करा दिया लेकिन कुछ देर बाद फिर से दोनों पक्ष चौराहे पर भिड़ गए और दोनों ओर से दर्जनों लोग एक दूसरे पर हमलावर हो गए।

पुलिस के आने से मामला और बिगड़ा
विवाद की सूचना पर दोनों पक्षों के समर्थक भी बाजार में एकत्रित होने लगे और देखते ही देखते मामला बवाल में बदल गया। सूचना पर जब पुलिस पहुंची और ग्रामीणों को शांत कराने के लिए समझाने बुझाने का प्रयास करने लगी तो मामला और बिगड़ गया।

पुलिस लाठीचार्ज के बाद पथराव
पुलिस ने लाठीचार्ज किया तो हमलावरों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इस दौरान एसडीएम करछना राजा गणपति दीवार से फिसल गये और पैर फ्रैक्चर हो गया । जबकि सीओ व कई पुलिसकर्मी पथराव में घायल हो गए। मौके पर एसएसपी के पहुंचने के बाद पुलिस जब रंगत में आई तो उपद्रवियों को खदेड़ा गया। लगभग 4 से 5 घंटे तक बाजार में दहशत का माहौल रहा और उपद्रवियों ने जमकर बवाल काटा।












Click it and Unblock the Notifications