विंध्याचल की पहाड़ी पर युवक की गला रेतकर हत्या, बलि की आशंका से घबराए लोग
मिर्जापुर। विंध्याचल कोतवाली क्षेत्र के कालीखोह पहाड़ी पर गुरुवार की सुबह गलारेत कर की गई हत्या के बाद फेंका हुआ शव बरामद हुआ। सुबह पहाड़ी पर शव देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर विंध्याचल पुलिस डॉग स्क्वाएड, फील्ड यूनिट की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर छानबीन की। सीओ सिटी संजय सिंह ने भी मौके पर जाकर पड़ताल की। उसके शर्ट पर लगे टेलर के टैग से पुलिस युवक की छानबीन में जुटी है। विंध्याचल की पहाड़ी पर गला रेत कर हत्या किए जाने को लोग बलि किए जाने की आशंका जता रहे हैं।

गले के साथ चेहरे पर भी निशान
सुबह छह बजे के करीब ग्रामीण कालीखोह मंदिर जाने वाले रास्ते पर मोड़ के करीब स्थित शंकर भगवान मंदिर के पीछे एक युवक का शव पड़ा देखा तो ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मृतक काले रंग की पैंट, आसमान-सफेद समेत कई रंग की हाफ शर्ट और पैरों में चप्पल पहने हुआ था। युवक के गले में दाहिने ओर धारदार हथियार से हमला किया गया था। वार के दौरान उसके चेहरे पर भी जख्म के निशान थे। जमीन पर गिरा रक्त सूखा नहीं था, इससे यही लग रहा था कि बुधवार की रात में उसकी पहाड़ पर गला रेत कर हत्या की गई है। आस-पास पत्थर पर रक्त के छिंटे पड़े थे। इससे यह साबित हो रहा था कि पहाड़ पर ही उसकी हत्या की गई है।
डॉग स्क्वाएड और फोरेंसिंक टीम ने की जांच
सूचना पर विंध्याचल कोतवाल अविनाश सिन्हा मौके पर पहुंच कर छानबीन में जुटे। सूचना पर सीओ सिटी संजय सिंह भी डाग स्क्वॉएड और फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट की टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य इकट्ठा किया। डाग स्क्वॉएड ने भी पहाड़ पर भ्रमण किया। पुलिस अधीक्षक शालिनी ने कहा कि पहाड़ पर शव बरामद हुआ है। डाग स्क्वॉएड और फोरेंसिक की टीम जांच कर रही है। युवक के शव के शव का पोस्टमार्टम और शिनाख्त होने पर जांच के एंगल को सही दिशा मिलेगी। मामले में क्राइम ब्रांच को भी लगा दिया गया है। जल्द मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
शराब की बोतल और जेब से मिली भुजिया नमकीन
कालीखोह पहाड़ी पर शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन किया तो उसके जेब से भुजिया नमकीन और 10 रुपये मिले हैं। शव से कुछ दूर पर शराब औ बीयर की बोतल बरामद हुई है। शराब की बोतल और नमकीन मिलने से आशंका जताई जा रही है कि हत्या करने वाले उसे शराब पिलाने के बहाने पहाड़ी पर लाए और हत्या कर दी।
शर्ट पर मिले टेलर के टैग से हो रही शिनाख्त
विंध्याचल। जिस युवक का शव बरामद हुआ है। उसके शर्ट पर मेंस टेलर बल्ली का अड्डा लिखा है। बल्ली का अड्डा नगर के कटरा कोतवाली क्षेत्र में है। पुलिस टेलर से सम्पर्क कर युवक के शिनाख्त में जुटी है। शव मिलने की जानकारी पर कुछ लोग विंध्याचल कोतवाली पहुंचे है।
पहाड़ी पर पहले भी मिले है शव
विंध्याचल की पहाड़ी हत्या करने और हत्या करने के बाद शव को ठिकाने लगाने का मुफिद स्थान बन गया है। पांच वर्ष पूर्व विंध्याचल की पहाड़ियों पर एक ही परिवार के चार लोगों का शव बरामद हुआ था। इसमें दो बच्चे थे। दर्शनार्थियों का शव बरामद होने पर विंध्याचल की पहाड़ियां सुर्खियों में आ गई थी। इसके बाद भी कई बार हत्या कर फेंके गए शव बरामद हुए है। पहाड़ी पर ही संचालित होने वाले सबसे बड़े जुए के फड़ का भी भंडाफोड़ हुआ था। जोकि कई सालो से संचालित हो रहा था। इस लिहाज से विंध्याचल की पहाड़ियां शव को ठिकाने लगाने और अवैध काम करने का अड्डा बन गए है।












Click it and Unblock the Notifications