प्रेमिका से शादी कराने से मना किया तो नदी में कूदा सुल्तान, रातभर खोजती रही पुलिस, सुबह टहलता मिला
आगरा, 20 मई: यूपी के आगरा जिले से एक बेहद ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है। परिवार द्वारा प्रेमिका से शादी कराने से इनकार करने से नाराज एक युवक यमुना नदी में कूद गया। पुलिस और परिजन पूरी रात उसे तलाश करते रहे। अगले दिन सुबह वह मोहल्ले में सही सलामत घूमता मिला। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। इसके बाद उसने जो कहानी पुलिस को बताई उससे सभी हैरान रह गए।

प्रेमिका से शादी न होने पर यमुना में कूदा 'सुल्तान'
बल्केश्वर के रजवाड़ा निवासी 18 वर्षीय सुल्तान मोहल्ले की एक युवती से प्यार करता है। उससे शादी करना चाहता है। लेकिन युवक के परिजन उस लड़की से शादी कराने के लिए राजी नहीं हुए। बुधवार को वह शादी की जिद कर रहा था। इस बात पर भाइयों से उसका झगड़ा हो गया। वह बिना बताए घर से निकला और यमुना नदी में छलांग लगा दी। उसे कूदते हुए कुछ लोगों ने देखा। उसके परिजनों को बताया।

रातभर खोजती रही पुलिस
सुल्तान के नदी में कूदने की खबर मिलते ही घरवालों के होश उड़ गए। वे यमुना किनारे पहुंच गए। इस घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने भी उसकी तलाश शुरू कराई। गोताखोर उतारे गए। बुधवार की रात वह नहीं मिला। किसी अनहोने के चलते युवक के घऱ उस रात सन्नाटा पसरा रहा। जब उसका शव नहीं मिला तो माना यही जाने लगा कि युवक की डूबकर मौत हो गई है। लेकिन अगले दिन सुबह सुल्तान अपने मोहल्ले में टहलता मिला। इस पर उसे थाने ले आए।

लड़के ने बताया कैसी बची जान
इंस्पेक्टर कमला नगर उत्तम चंद पटेल ने बताया कि गुरुवार की सुबह सुल्तान टहलता हुआ अपने मोहल्ले में पहुंचा। उसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। सूचना पर पुलिस ने उससे पूछताछ की। उसने बताया कि घरवाले उसकी शादी पसंद की युवती से कराने के लिए राजी नहीं हैं। वह गुस्सा होकर यमुना में कूदा, लेकिन पानी कम होने की वजह से बच गया। इससे बाहर निकल आया। किसी ने उसे देखा नहीं। रात में एक बाग में सो गया था। पुलिस ने युवक के खिलाफ शांति भंग में कार्रवाई की है।












Click it and Unblock the Notifications