टोपी पहन कॉलेज आने पर युवक की पिटाई, 10 के खिलाफ मुकदमा दर्ज, मारपीट का CCTV हुआ Viral
मेरठ के एनएएस पीजी कॉलेज में कुछ छात्रों पर एक युवक को टोपी लगाकर आने पर पीटने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि पीड़ित युवक अपनी बहन के साथ कॉलेज में फीस जमा करने गया था। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
जानकारी अनुसार, लिसाड़ी गेट जाकिर कॉलोनी की रहने वाली अलफिशा मेरठ के एनएएस पीजी कॉलेज में BSC होमसाइंस सेकेंड ईयर की छात्रा है। मंगलवार को वह अपने भाई साहिल के साथ फीस जमा करने कॉलेज गई थी। छात्रा जब काउंटर पर फीस जमा कर रही थी, तब उसका भाई पार्किंग एरिया के पास खड़ा था। इस दौरान साहिल ने टोपी पहनी हुई थी।

टोपी पहनने पर मारपीट करने का आरोप
आरोप है कि तभी कुछ लड़कों ने साहिल को टोपी लगाए देखा, तो उस पर जातिसूचक और धर्मसंबंधी कमेंट्स करने शुरू कर दिए। विरोध करने पर उन्होंने साहिल के साथ मारपीट करना शुरू कर दिया। छात्रा का कहना है कि उन्होंने भाई को थप्पड़ मारे।
Recommended Video
छात्रा के अनुसार घटना के बाद उन्होंने फ़ौरन पुलिस को सूचना दी। इस पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को संभाला। छात्रा का आरोप है कि मोहित डागर, अतुल, सागर और विशाल डागर सहित 10 अज्ञात लड़कों ने उसके भाई को पीटा है।

मुकदमा दर्ज, कॉलेज से किया जाएगा निलंबित
वहीं कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. मनोज अग्रवाल ने बताया कि मारपीट करने वाले छात्रों को कॉलेज से निलंबित किया जाएगा। हालांकि वह छात्र कॉलेज के नहीं लग रहे हैं। फिर भी उनकी जांच की जा रही है। उधर, CO सिविल लाइंस अरविंद चौरसिया ने बताया कि छात्रा की शिकायत पर 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। घटनास्थल से पुलिस ने एक स्कूटी भी सीज की है। यह स्कूटी आरोपी युवकों की बताई जा रही है। पुलिस को देखते ही युवक फरार हो गए। उनकी पहचान कर जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
CCTV वीडियो हुआ वायरल
वहीं इस घटना का एक CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमे कुछ लड़के एक टोपी पहने युवक के साथ हाथापाई करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान हिजाब पहने छात्रा अपने भाई को बचाने का प्रयास भी कर रही है। मगर आरोपी पीड़ित युवक के हाथ-कॉलर पकड़कर दनादन थप्पड़ मार रहे हैं। पुलिस ने भी इस सीसीटीवी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications