Mahakumbh 2025: प्रयागराज रेलवे स्टेशनों पर पहली बार लगेंगे FR कैमरे,संदिग्धों पर रहेगी कड़ी नजर, जानें खासियत
Prayagraj Mahakumbh 2025: अगले साल की शुरुआत में होने वाले महाकुंभ के लिए प्रयागराज में ट्रेन से करीब 10 करोड़ लोगों के आने की उम्मीद है। ऐसे में दिव्य और भव्य के साथ सुरक्षित महाकुंभ बनाने के लिए योगी सरकार ने हाईटेक टेक्नोलॉजी का सहारा लिया जा रहा है। जिसके तहत प्रयागराज के नौ रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ाने के लिए चेहरा पहचानने वाले यानी फेस रिकग्निशन कैमरे (Face recognition camera) लगाए जाएंगे।
उत्तर प्रदेश सरकार की घोषणा के अनुसार पहली बार सीसीटीवी सिस्टम के साथ फेस रिकग्निशन (एफआर) कैमरे खास तौर पर महाकुंभ के लिए लगाए जाएंगे। इन एआई-संचालित कैमरों का उद्देश्य संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना और संभावित उपद्रवियों की पहचान करना है।

100 फेस रिकग्निशन कैमरे लगेंगे
प्रयागराज रेलवे डिवीजन के पीआरओ अमित सिंह ने बताया कि प्रयागराज के सभी रेलवे स्टेशनों पर करीब 650 सीसीटीवी और 100 फेस रिकग्निशन कैमरे लगाए जाएंगे। निगरानी के तहत जिले के सभी नौ स्टेशनों के रूट, शेल्टर और प्लेटफॉर्म को कवर किया जाएगा। यह पहल महाकुंभ के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए सुरक्षित अनुभव सुनिश्चित करने के लिए एक व्यापक सुरक्षा योजना का हिस्सा है।
जानिए क्या है FR कैमरों की खासियत?
उन्होंने आगे कहा, "ये एफआर कैमरे चेहरों को पहचानने के लिए एआई तकनीक का उपयोग करते हैं, जिससे भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी संदिग्धों की पहचान करने में मदद मिलती है।" उन्होंने कहा कि इस दृष्टिकोण से संदिग्ध गतिविधियों या संभावित भगदड़ की स्थिति को बढ़ने से पहले नियंत्रित करने में मदद मिलेगी, क्योंकि कैमरे असामान्य घटनाओं का तेजी से पता लगा सकते हैं, जिससे दुर्घटना की रोकथाम में मदद मिलती है।
महाकुंभ 14 जनवरी से होगा शुरू
आधिकारिक बयान में कहा गया है कि सुरक्षा व्यवस्था दिसंबर के अंत तक लागू हो जाएगी, और महाकुंभ के शुरू होने से काफी पहले जनवरी तक सभी उपकरण चालू हो जाएंगे। बता दें कि महाकुंभ 14 जनवरी से 26 फरवरी तक होने वाला है।
सुरक्षा की दिशा में अहम कदम
ऐसे में इन उन्नत निगरानी प्रणालियों की स्थापना भारत के सबसे बड़े धार्मिक समारोहों में से एक के दौरान सुरक्षा बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। एआई तकनीक का लाभ उठाकर, अधिकारियों का लक्ष्य महाकुंभ में भाग लेने वाले लाखों तीर्थयात्रियों और आगंतुकों के लिए एक सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है।












Click it and Unblock the Notifications