लुलु मॉल विवाद: CM योगी की सख्ती के बाद पुलिस ने की 5वीं गिरफ्तारी, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
लखनऊ, 23 जुलाई: उत्तर प्रदेश पुलिस ने लखनऊ में लुलु शॉपिंग मॉल परिसर में नमाज अदा करने के मामले में एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक यह पांचवीं गिरफ्तारी है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले के अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। दरअसल सीएम योगी आदित्यनाथ ने 10 जुलाई को बकरीद के दिन ही इस मॉल का उद्घाटन किया था। इस मॉल को उत्तर भारत का सबसे बड़ा मॉल होने का दावा किया जा रहा है। हाल की मॉल खुलते ही विवादों में घिर गया है।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा, ''लखनऊ के चौपटिया निवासी मोहम्मद आदिल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किए जाने के तीन दिन बाद पुलिस की यह कार्रवाई सामने आई है। गिरफ्तार लोगों में से कोई भी लुलु मॉल का कर्मचारी नहीं है।
दरअसल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2000 करोड़ रुपये की लागत से बने उत्तर भारत के सबसे बड़े मॉल का उद्घाटन किया था। आदित्यनाथ ने सोमवार को ही कहा था कि माहौल खराब करने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी। सीएम की इस सख्ती के बाद पुलिस सक्रिय हुई और गिरफ्तारियां की गई हैं।
लखनऊ में बने नए लुलु मॉल में नमाज अदा करते कुछ लोगों का एक वीडियो 13 जुलाई को सोशल मीडिया पर सामने आया था। इस घटना ने उस समय विवाद खड़ा कर दिया जब एक हिंदू संगठन ने मॉल परिसर में नमाज पर आपत्ति जताई और वहां हनुमान चालीसा पढ़ने की अनुमति मांगी। अखिल भारतीय हिंदू महासभा के कुछ सदस्यों ने 14 जुलाई को लुलु मॉल के गेट पर धरना दिया था।
इस विवाद के बाद हालांकि लखनऊ में लुलु मॉल के महाप्रबंधक समीर वर्मा ने एक वीडियो बयान में कहा था, "लुलु मॉल सभी धर्मों का सम्मान करता है। यहां किसी भी तरह के धार्मिक कार्य या प्रार्थना की अनुमति नहीं है। हम अपने फ्लोर स्टाफ और सुरक्षा कर्मचारियों को नजर रखने के लिए प्रशिक्षित करते हैं।"
पुलिस ने इस मामले में पुलिस ने 15 जुलाई को दो लोगों को गिरफ्तार किया था और कम से कम 15 लोगों को हिरासत में लिया था। इन्होंने बिना अनुमति के मॉल परिसर में प्रवेश करने की कोशिश की थी। घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने शहीद पथ स्थित लुलु मॉल के पास सुरक्षा बढ़ा दी है। 10 जुलाई को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में आदित्यनाथ ने मॉल वा का उद्घाटन किया था।












Click it and Unblock the Notifications