Lucknow Petrol Crisis: पेट्रोल की किल्लत? बाइक में सिर्फ ₹200-कार में ₹1000 का तेल! DM बोले- मांग 35% बढ़ी
Lucknow Petrol Crisis Update: अमेरिका-इजरायल बनाम ईरान जंग और वैश्विक तेल संकट की खबरों के बीच लखनऊ में पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाहों ने 26 मार्च की देर रात 12:25 बजे तक हंगामा मचा रखा है। ज्यादातर पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लगी हुई हैं। कई जगहों पर पेट्रोल खत्म हो गया है तो कुछ पंपों पर बाइक वालों को सिर्फ 200 रुपये और कार वालों को 1000 रुपये तक का ही तेल मिल रहा है।
लोग टैंक फुल करवाने के लिए घंटों इंतजार कर रहे हैं। लंबी-लंबी कतारों में दो-दो घंट से लगी गाडियों ने पुलिस की तैनाती को भी मजबूर कर दिया है। लखनऊ DM और ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर बबलू कुमार खुद मैदान में उतरे। कहा कि पेट्रोल-डीजल की कोई लिमिट नहीं लगाई गई है। आइए लखनऊ का हाल विस्तार से जानें, कहां-कहां चल रही है अफरा-तफरी?

Lucknow Petrol Shortage Chaos: कहां-कहां पेट्रोल की किल्लत से अफरा-तफरी?
लाल कुआं (मालती पंप), ऐशबाग पुल (अग्रवाल पंप), अशोक मार्ग (IOCL), हजरतगंज (तलवार पंप), गोमती नगर (कोको पंप), मटियारी चौराहा, इंदिरानगर, बादशाहनगर, पॉलिटेक्निक चौराहा- इन सभी जगहों पर पेट्रोल खत्म या बेहद सीमित।
- विभूतिखंड (कोको पंप) - बाइक को अधिकतम 5 लीटर।
- आईटी चौराहा (HP पंप) - बाइक 200 रुपये, कार 500 रुपये।
- देवा रोड (सुपर इंडिया) - प्रति वाहन 100 रुपये पेट्रोल, 500 रुपये डीजल।
- नायरा पंप - सुबह 11 बजे के बाद बिक्री बंद।
- कुछ पंपों पर पावर पेट्रोल बेचा जा रहा है क्योंकि सादा पेट्रोल की किल्लत है।
रात 11 बजे के बाद भी मुंशीपुलिया, बुलाकी अड्डा, जवाहर भवन, सिंकदाबाद चौराहा पर कतारें जारी रहीं।
खुद मैदान में उतरे DM, बोले- आपूर्ति जारी है
जिला मजिस्ट्रेट विशाख जी. अय्यर ने साफ कहा कि पेट्रोल पंपों पर मांग में 30-35% की बढ़ोतरी हुई। मैंने तेल विपणन कंपनियों के साथ बैठक कर ली है। कोई कमी नहीं है। लोग तेल का भंडारण न करें। पुलिस और प्रशासन हर पंप पर नजर रखे हुए हैं।
DM और ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर बबलू कुमार खुद मैदान में उतरे। उन्होंने कैंट, हजरतगंज और अन्य पंपों का निरीक्षण किया, लोगों से बात की और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कोई लिमिट नहीं लगाई गई है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के साथ समन्वय से आपूर्ति जारी है। किसी भी पंप पर कमी नहीं आने दी जाएगी।
जमीनी हकीकत डराने वाली
जमीनी स्तर पर हालात ने लोगों की चिंता जरूर बढ़ा दी है, और यही वजह है कि अफवाहों का असर साफ दिखाई दे रहा है। Oneindia Hindi की टीम को लखनऊ के नक्खास इलाके के रहने वाले असद रिजवी बताते हैं कि जब वह कोनेश्वर पेट्रोल पंप पर अपनी कार में पेट्रोल भरवाने पहुंचे, तो वहां पहले से ही लंबी-लंबी कतारें लगी थीं। करीब दो घंटे इंतजार करने के बाद उनका नंबर आया, लेकिन उन्हें सिर्फ 500 रुपये का ही पेट्रोल मिल पाया।
ऐसा ही नजारा शहर के कई बड़े इलाकों में देखने को मिला। बुलाकी अड्डा चौराहा, जवाहर भवन, हजरतगंज चौराहा, सिंकदराबाद चौराहा और तलवार पेट्रोल पंप जैसे व्यस्त स्थानों पर भी लोगों की लंबी लाइनें लगी रहीं। वहीं नक्खास निवासी आरिफ अली ने बताया कि बुलाकी अड्डा चौराहे के पास पेट्रोल पंप पर बाइक वालों को सिर्फ 200 रुपये तक और कार वालों को 1000 रुपये तक ही पेट्रोल दिया जा रहा था। यानी साफ है कि जमीनी स्तर पर लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा, लेकिन इसकी बड़ी वजह अचानक बढ़ी भीड़, न कि असली सप्लाई की कमी।
क्यों फैली अफवाह?
ईरान-इजरायल जंग के चलते होर्मुज स्ट्रेट पर तनाव और वैश्विक तेल कीमतों में उछाल की खबरों ने लोगों में घबराहट पैदा कर दी। सोशल मीडिया पर 'पेट्रोल खत्म हो रहा है' वाली पोस्ट्स वायरल होने से पैनिक बाइंग शुरू हो गई। नतीजा ये हुआ कि सामान्य दिनों की तुलना में 35% ज्यादा मांग।
कुछ जगहों पर स्थिति सामान्य
चारबाग (KKC पंप), ऐशबाग, कैंट सदर, गोमती नगर (शक्ति और RR पंप), माल क्षेत्र। यहां बिना किसी सीमा के पेट्रोल-डीजल मिल रहा है।
प्रशासन की तैयारियां
- कई पंपों पर पुलिस और PAC तैनात।
- DM ने सभी तेल कंपनियों को लगातार सप्लाई बढ़ाने के निर्देश दिए।
- अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखी जा रही है।
अफवाह सबसे बड़ा दुश्मन है। केंद्र और राज्य सरकार पहले ही साफ कर चुकी है कि देशभर में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। घबराएं नहीं, धैर्य रखें।












Click it and Unblock the Notifications