Lucknow News: रोडवेज बस पलटने से पांच यात्रियों की मौत, सीएम योगी ने कहा- लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
Lucknow bus accident: हरदोई से लखनऊ आ रही रोडवेज बस अचानक बेकाबू होकर 20 फीट गहरी खाई में पलट गई। इस दुर्घटना में पांच यात्रियों की मौत हो गई, जबकि दर्जनभर से अधिक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि काकोरी के गोलाकुआं इलाके में बस की टक्कर पानी के टैंकर से हुई। टक्कर इतनी तेज थी कि चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े लोगों को चपेट में लेती चली गई और खाई में जा गिरी।

करीब 54 यात्रियों से भरी बस के पलटते ही चीख-पुकार मच गई। कई लोग बस के नीचे दब गए जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया। राहत-बचाव कार्य घंटों तक चलता रहा। घायलों को नजदीकी अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर भेजा गया।
सीएम योगी ने लिया हादसे का संज्ञान
हादसे की सूचना पाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताया। उन्होंने जिला प्रशासन को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज करने का निर्देश दिया। सीएम ने घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा।
प्रशासन ने देर रात तक अस्पतालों में मोर्चा संभाले रखा। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। कई की हालत नाजुक बनी हुई है। सीएम ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
टैंकर में टकराने के चलते हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त हाईवे पर सड़क की लेवलिंग का काम चल रहा था। इसी कार्य के लिए पानी का टैंकर सड़क पर मौजूद था। हरदोई की ओर से आ रही तेज रफ्तार बस उसी टैंकर से टकरा गई और बेकाबू होकर खाई में पलट गई।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण स्थल पर चेतावनी संकेत या ट्रैफिक डायवर्जन की उचित व्यवस्था नहीं थी। इस लापरवाही के चलते हादसा और भयावह हो गया। लोग सवाल उठा रहे हैं कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी यात्रियों की जान पर क्यों भारी पड़ी।
बाइक सवार भी दब गए बस के नीचे
दुर्घटना के दौरान सड़क किनारे खड़े तीन बाइक सवार भी बस की चपेट में आ गए। बस के पलटने से वे नीचे दब गए। पुलिस ने क्रेन मंगवाकर बस को सीधा किया तब जाकर दबे हुए लोगों को बस के नीचे से बाहर निकाला जा सका।
घंटों की मशक्कत के बाद यात्रियों को बाहर निकाला गया। इस दौरान कई लोग खून से लथपथ हालत में सड़क किनारे पड़े मिले, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ अस्पतालों में जमा हो गई।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पर जिले के डीएम विशाख, कमिश्नर अमरेंद्र सिंह सेंगर के साथ अन्य अधिकारी भी पहुंच गए। कमिश्नर अमरेंद्र कुमार सेंगर ने बताया कि हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है।












Click it and Unblock the Notifications