घर से भागे प्रेमी-प्रेमिका एक्सप्रेस वे पर हुए हादसे के शिकार, मौत
उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक प्रेमी युगल घर से भागा लेकिन रास्ते में वह हादसे का शिकार हो गया।
उन्नाव। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराने से बाइक सवार युवक-युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको आनन-फानन में उपचार के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया। वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। जेब में मिले आईडी व मोबाइल के आधार पर परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक परिजनों ने दी घटनाक्रम की जानकारी
लखनऊ आगरा एक्सप्रेस वे रविवार को फिर मौत की गवाह बनी। तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकराने पर अल्ताफ (21) पुत्र शहादत वह पलक (20) पुत्री उदयनारायण निवासीगण सज्जाद गंज थाना ठाकुरगंज जनपद लखनऊ की मौत हो गई। वे आगरा से लखनऊ जा रहे थे। अभी बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के आगरा - लखनऊ एक्सप्रेस वे पर स्थित महाराजा पुर गांव के निकट पहुंचे थे कि तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकरा गई।

इस हादसे में दोनों बाइक सवार दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे कस्बा चौकी इंचार्ज कुलदीप सिंह गौर ने दोनों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे मृतक अल्ताफ के परिजनों ने बताया कि दोनों विगत 4 दिन से घर से गायब थे। परिजनों ने बताया कि दोनों आगरा निकल गए थे जहां से वे वापस आ रहे थे। परिजनों के अनुसार काफी खोजबीन की गई। परंतु उनकी कोई जानकारी नहीं मिली। कोतवाली पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।












Click it and Unblock the Notifications