Loksabha Election 2024: "अपना मतलब निकालना जानती है BJP, अपर्णा को वहां कुछ नहीं मिलेगा"..शिवपाल का दावा
मुलायम परिवार की बहु अपर्णा यादव ने विधानसभा चुनाव से पहले सपा छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया था। अब शिवपाल ने उनको लेकर बड़ा दावा किया है।
Samajwadi Party in UP: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के चाचा और सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव (Shivpal Yadav) ने बीजेपी (BJP) की नेता अपर्णा यादव (Aparna Yadav) को लेकर एक बड़ा दावा किया है। शिवपाल ने कहा है कि बीजेपी सिर्फ अपना मतलब निकालना जानती है। सपा छोड़कर वहां गईं अपर्णा को कुछ नहीं मिलेगा। बीजेपी की नीयत में ही खोट है।
बीजेपी के बड़े नेताओं के सम्पर्क में थे शिवपाल
शिवपाल ने एक मीडिया हाउस को दिए इंटरव्यू में यह दावे किए हैं। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले वह बीजेपी के बड़े नेताओं के सम्पर्क में थे। वह कहते हैं, 'मैं बीजेपी की मानसिकता को अच्छी तरह से जानता हूं। वह सिर्फ अपना उल्लू सीधा करना जानती है।'

बीजेपी में जाने की अटकलों को लेकर सफाई
दरअसल कुछ दिनों पहले ऐसे अटकलें लगनी शुरू हुईं थीं कि शिवपाल यादव बीजेपी का दामन थाम सकते हैं। महाराष्ट्र की राजनीति में जिस तरह से उथल पुथल हुआ उसके बाद ऐसा दावा किया जा रहा था कि शिवपाल भी बड़े दल बल के साथ सपा को छोड़कर बीजेपी में जा सकते हैं। हालांकि खुद शिवपाल ने इसका खंडन करते हुए कहा कि बीजेपी भ्रम फैलाने में माहिर है और ये अटकलें उसी का नतीजा हैं।
2017 चुनाव से पहले बीजेपी के टच में थे
शिवपाल ने बातचीत के दौरान यह भी स्वीकार किया है कि 2016 में जब सपा के मुखिया अखिलेश यादव और उनके बीच खींचतान चल रही थी तब वह बीजेपी के सम्पर्क में आए थे। उस दौरान बीजेपी के प्रदेश लेवल से लेकर शीर्ष नेतृत्व के साथ सम्पर्क में थे। लेकिन जल्द ही वह बीजेपी की मंशा को भांप गए थे और उन्होंने अपने कदम वापस खींच लिए थे।
बीजेपी की नीयत में ही खोट है
सपा छोड़ने की अटकलों को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में शिवपाल ने कहा है कि, 'वह दूसरे की अपेक्षा बीजेपी को खुद बेहतर तरीके से समझते हैं। इनकी नीयत में ही खोट है। कुछ साल पहले बीजेपी के नेताओं के सम्पर्क में था। उस समय मैने बीजेपी के नेताओं और पार्टी को काफी करीब से देखा था। बीजेपी दूसरे दलों के नेताओं को लेकर उस पार्टी को खराब करना चाहती है।'
अपर्णा को वहां कुछ मिलने वाला नहीं
सपा के नेता अपर्णा यादव को लेकर पूछे गए सवाल पर शिवपाल ने कहा कि,
वह परिवार की सदस्य हैं। इस नाते कई जगहों पर उनसे मुलाकात होती है और बातचीत भी होती है। लेकिन मैं इस बात को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त हूं कि उनको (अपर्णा यादव) को वहां कुछ नहीं मिलेगा। मैंने तब भी उनको बीजेपी में शामिल होने से मना किया था। वह परिवार का एक मजूबत हिस्सा बनकर रह सकती हैं। सपा में उनकी वापसी होगी या नहीं यह सबकुछ सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर निर्भर करता है।
आजमगढ़ से चुनाव लड़ने का फैसला लीडरशिप करेगी
अगले लोकसभा चुनाव में आजमगढ़ से चुनाव लड़ने की अटकलों को लेकर शिवपाल ने कहा कि इसको लेकर अभी कुछ निश्चित नहीं किया गया है। अभी मैं सिर्फ यही कह सकता हूं कि 2027 तक विधायक रहूंगा। आजमगढ़ से लोकसभा चुनाव लड़ने को लेकर पार्टी की तरफ से मुझे किसी तरह के संकेत नहीं मिले हैं। मैं वही करूंगा जो पार्टी आलाकमान फैसला करेगा।












Click it and Unblock the Notifications