Lok Sabha Elections 2024: यूपी की 17 सीटों में से 2019 में कांग्रेस की कहां-कहां जब्त हुई थी जमानत
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को आरएलडी के इंडिया ब्लॉक से निकलने से बड़ा फायदा हुआ है। समाजवादी पार्टी ने उसे 80 में से 17 सीटें चुनाव लड़ने के लिए दिए हैं। लेकिन, 2019 के लोकसभा चुनावों के आंकड़ों का विश्लेषण करें तो इनमें से अधिकतर सीटों पर कांग्रेस का अपना कोई खास जनाधार नजर नहीं आता है।
2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने यूपी की कुल 67 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे थे। उनमें से पार्टी करीब 63 सीटों पर जमानत भी नहीं बचा सकी थी। कांग्रेस के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी खुद अपने परिवार के गढ़ अमेठी में भी केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से मात खा गए थे।

2019 में रायबरेली में भी घट गया था जीत मार्जिन
उनकी मां सोनिया गांधी ही पार्टी की एकमात्र प्रत्याशी रहीं, जिन्होंने रायबरेली की अपनी सीट बचा ली। हालांकि, उनकी जीत का अंतर भी 2014 के मुकाबले काफी कम हो गया था।
इस बार 17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस
अब देखते हैं कि जिन 17 सीटों पर कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन के तहत लड़ने जा रही है, वहां किन सीटों पर वह पिछली बार जमानत बचाने भी असफल रही थी।
लोकसभा और विधानसभा चुनावों में जब कोई उम्मीदवार अपने निर्वाचन क्षेत्र में कुल पड़े वोट का 1/6 या 16.66% वोट नहीं जुटा पाता है तो उसकी जमानत जब्त कर ली जाती है।
अबकी बार इन यूपी की इन सीटों पर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस
सपा ने इस बार कांग्रेस के यूपी में जो सीटें छोड़ी हैं, वे हैं- अमेठी, रायबरेली, बांसगांव, फतेहपुर सीकरी, कानपुर,सहारनपुर, प्रयागराज, वाराणसी, महाराजगंज, अमरोहा, झांसी, बुलंदशहर, मथुरा, गाजियाबाद, सीतापुर, देवरिया और बाराबंकी।
17 सीटों में से 12 सीटों पर कांग्रेस की हुई थी जमानत जब्त
कांग्रेस को अबकी बार यूपी में जो 17 सीटें गठबंधन के तहत मिली हैं, उनमें से पार्टी पिछली बार सिर्फ 4 सीटों पर ही जमानत बचा सकी थी। ये सीटें थीं- रायबरेली, अमेठी, कानपुर और सहारनपुर।
सहारनपुर में भी कांग्रेस प्रत्याशी इमरान मसूद का जमानत बहुत मुश्किल से बच पाया था। वहीं बांसगांव में कांग्रेस ने कोई उम्मीदवार ही नहीं उतारा था।
लेकिन, फतेहपुर सीकरी, प्रयागराज (इलाहाबाद), वाराणसी, महाराजगंज, अमरोहा, झांसी, बुलंदशहर, मथुरा, गाजियाबाद, सीतापुर, देवरिया और बाराबंकी में कांग्रेस उम्मीदवारों की जमानतें जब्त हो गई थीं।
पार्टी के ये दिग्गज भी नहीं बचा सके थे अपनी जमानत
वाराणसी लोकसभा सीट पर कांग्रेस के मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को महज 14.38% वोट मिले थे। वहीं टीवी चैनलों पर दिखने वाली कांग्रेस पार्टी की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत को तो महाजगंज में सिर्फ 5.91% वोट ही मिले थे।
फतेहपुर सीकरी में पार्टी के स्टार उम्मीदवार रहे पूर्व सांसद राज बब्बर भी मात्र 16.57% वोट जुटा पाए थे। अमरोहा में तो कांग्रेस उम्मीदवार को सिर्फ 1.07% वोट प्राप्त हुए थे।
इसी तरह झांसी में 6.24%, बुलंदशहर में 2.62%, गाजियाबाद में 7.34%, मथुरा में 2.54%, सीतापुर में 9.01%, बाराबंकी में 13.81% और देवरिया में 5.03% वोट मिल पाए थे।












Click it and Unblock the Notifications