'वो राजा को मारना चाहते थे', कैराना पहुंचे जयंत चौधरी ने साधा अखिलेश यादव पर निशाना
Lok Sabha Election 2024: इंडिया गठबंधन छोड़कर एनडीए के साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी ने अपने पुराने साथ अखिलेश यादव पर करारा तंज कसा है। कैराना में बीजेपी के मौजूदा सांसद और प्रत्याशी प्रदीप चौधरी (Pradeep Chaudhary) के समर्थन में प्रचार करने पहुंचे जयंत चौधरी ने अखिलेश यादव को जमकर घेरा।
पूर्व सहयोगी अखिलेश यादव पर कटाक्ष करने के लिए जयंत ने शतरंज का हवाला देते हुए कहा कि, "वे हमें रानी की पेशकश कर रहे थे, और राजा को मारना चाहते थे।

भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में सभा को संबोधित करते हुए जयंत चौधरी ने कहा, "आप मुझे अच्छी तरह से जानते हैं। मेरे होठों पर शब्द आने से पहले ही आप मेरे इशारों को समझ जाते हैं। सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन में एक रणनीति होनी चाहिए। यही एक नेता का काम है।"
जयंत चौधरी ने आगे कहा कि, "आप शतरंज खेलते होंगे। एक चाल है जिसमें विरोधी दिखाता है कि वह कमजोर है और फिर आपको मात देता है। जिस पार्टी के साथ हम थे वह कुछ ऐसा ही करना चाहती थी। वे हमें रानी की पेशकश कर रहे थे और राजा को मारना चाहते थे।
इसी के साथ जयंत ने मुस्कुराते हुए कहा कि हमें कोई पछतावा नहीं है। उनकी अपनी पार्टी के प्रति जिम्मेदारी है। मेरी अपने लोगों के प्रति जिम्मेदारी है।
चौधरी ने अखिलेश यादव के हालिया उस टिप्पणी का भी जवाब दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि सात सीटें दो से ज्यादा हैं। बता दें कि आरएलडी भाजपा के साथ सीट-बंटवारे के हिस्से के रूप में दो सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जिसे लेकर जयंत चौधरी ने कहा कि, "हमें छह या सात का गणित मत समझाएं। इसी के साथ उन्होंने "एक और एक ग्यारह" मुहावरे का भी जिक्र किया।
केंद्र और राज्य की सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकारें किसानों और गरीबों के लिए अथक प्रयास कर रही हैं और समाज के हर वर्ग को फायदा हो रहा है। रालोद का हर नेता भाजपा उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने के लिए काम करेगा।












Click it and Unblock the Notifications