Lok Sabha Elections: सपा ने घोषित किए 6 उम्मीदवार, पीलीभीत और मिर्जापुर का सस्पेंस भी खत्म, किसे मिला टिकट?
Lok Sabha Elections 2024: समाजवादी पार्टी ने बुधवार को छह लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी। इस सूची में संभल, बागपत, गौतमबुद्ध नगर, घोसी, मिर्ज़ापुर और पीलीभीत आदि लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई है।
यह सूची जारी होने के बाद अब पीलीभीत और मिर्जापुर सीट पर जारी सस्पेंस भी खत्म हो गया है। क्योंकि मिर्जापुर से पटेल जाति का उम्मीदवार या पल्लवी पटेल और पीलीभीत से वरुण गांधी के नाम की चर्चा चल रही थी।

कहा यह भी जा रहा है कि पल्लवी पटेल के द्वारा बुधवार को चार सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किए जाने के बाद समाजवादी पार्टी द्वारा मिर्जापुर लोकसभा सीट पर भी तत्काल फैसला लेते हुए प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर दिया गया।
ऐसे में राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि अब यह देखना होगा कि क्या पल्लवी पटेल इस सीट पर कामेरावादी पार्टी से अपना उम्मीदवार उतारने की घोषणा से पीछे हटती हैं या अपनी ही पार्टी से उम्मीदवार उतारती हैं।
बुधवार को जारी सूची में संभल (8) से जियाउर्रहमान बर्क, बागपत (11) से मनोज चौधरी, गौतम बुद्ध नगर (13) से राहुव अवाना, पीलीभीत (26) से भगवत सरन गंगवार, घोसी (70) से राजीव राय और मिर्जापुर (79) से राजेंद्र एस बिंद को समाजवादी पार्टी ने टिकट दिया है।
डॉ. बर्क की विरासत पोते को सौंपी
समाजवादी पार्टी द्वारा कुंदरकी विधानसभा के विधायक जियाउर्रहमान बर्क को संभल से चुनाव मैदान में उतारा है। बता दें कि संभल से सपा सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क का निधन हो जाने के बाद इस सीट पर अखिलेश यादव ने उनके पोते को उनकी राजनीतिक विरासत सौंपी है।
यह भी चर्चा है कि डा. बर्क के निधन के बाद अखिलेश यादव उनके घर शोक जताने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने जियाउर्रहमान बर्क को संभल से लोकसभा चुनाव में टिकट देने का वादा किया था। अब टिकट देकर अखिलेश यादव ने अपना वादा भी पूरा किया है।
... तो निर्दलीय लड़ेंगे वरुण गांधी?
समाजवादी पार्टी द्वारा उम्मीदवारों के नामों की घोषणा से पहले ही बुधवार को पीलीभीत के सांसद वरुण गांधी ने भी पीलीभीत से नामांकन पत्र खरीद लिया था। ऐसे में कहा जा रहा था कि अगर उन्हें बीजेपी से नहीं टिकट मिलता है तो वह सपा से चुनाव लड़ सकते हैं। लेकिन अब सपा द्वारा अपना उम्मीदवार उतारे जाने के बाद यह देखना होगा कि बीजेपी वरुण गांधी को टिकट देती है या फिर वह निर्दलीय चुनाव लड़ते हैं।












Click it and Unblock the Notifications