लखीमपुर खीरी मामले में अब क्या चाहते हैं किसान, सौंपी अपनी मांगी को लिस्ट
लखीमपुर खीरी मामले ने तूल पकड़ लिया है और अब किसान अपनी मांगों को लेकर अड़ गए हैं।
लखीमपुर खीरी, 4 अक्टूबर: यूपी के लखीमपुर खीरी में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसानों के आंदोलन में रविवार को उस वक्त हालात बिगड़ गए, जब 8 किसानों की मौत हो गई। किसान संगठनों का आरोप है कि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे आशीष मिश्र ने आंदोलन कर रहे किसानों के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी, जिसके बाद 8 किसानों की जान चली गई। इस घटना के बाद प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार विपक्ष के निशाने पर आ गई है। वहीं, किसान संगठनों ने इस मामले को लेकर लखीमपुर खीरी के जिला अधिकारी को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंप दिया है।
Recommended Video

लखीमपुर खीरी के डीएम एके चौरसिया ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया, 'किसान संगठनों की तरफ से मुझे एक ज्ञापन मिला है, जिसमें उन्होंने अपनी मांगें सरकार के सामने रखी हैं। किसानों की मांगें हैं- केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी को तत्काल मंत्रिमंडल से हटाया जाए, उनकी शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाए, घटना में जिन किसानों की मौत हुई है, उनके परिजनों को मुआवजा और सरकारी नौकरी मिले और घटना की न्यायिक जांच कराई जाए।'
केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र के बेटे के खिलाफ FIR दर्ज
आपको बता दें कि इस मामले को लेकर किसान संगठनों ने लखीमपुर खीरी के तिकानिया पुलिस थाने में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी और उनके बेटे के खिलाफ शिकायत दी है। फिलहाल सूत्रों के हवाले से खबर है कि अजय मिश्र के बेटे आशीष मिश्र के खिलाफ पुलिस ने संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। वहीं, इस घटना को लेकर प्रदेश की सियासत भी गर्मा गई है और विपक्ष ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को निशाने पर लिया है।
विपक्ष के नेताओं को किया गया हाउस अरेस्ट!
इस घटना के बाद लखीमपुर खीरी के हालात संभालने के लिए विपक्ष के नेताओं को वहां जाने से रोक दिया गया है। फिलहाल समाजवादी पार्टी के मुखिया और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव, बीएसपी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद मिश्रा और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी को हाउस अरेस्ट कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि प्रशासन की तरफ से केवल किसान नेता राकेश टिकैत को लखीमपुर खीरी जाने की अनुमति मिली है।












Click it and Unblock the Notifications