Hot Seat Profile Ghaziabad: बीजेपी से नाराज दिख रहा क्षत्रिय समाज, गाजियाबाद सीट पर पार्टी को होगा नुकसान?
लोकसभा चुनाव के पहले चरण में बस 2 दिन शेष रह गए हैं। इस बीच बीजेपी की टेंशन बढ़ती जा रही है। क्षत्रिय समाज बीजेपी से नाराज दिख रहा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में राजपूत समुदाय बीजेपी के खिलाफ लगातार महा पंचायतें कर रहा है। इनमें बीजेपी को वोट न देने की अपील की जा रही है।
इस नाराजगी को दूर करने के लिए बीजेपी के क्षत्रिय नेता लगातार जनसभाएं कर रहे हैं मगर उसका असर दिख नहीं रहा है। दरअसल, पश्चिम उत्तर प्रदेश में 19 तारीख को प्रथम चरण के लिए 8 सीटों पर वोटिंग होनी है। मगर, उसके पहले ही पश्चिम उत्तर प्रदेश की जमीन से ही भाजपा के लिए विरोध के नारे लग रहे हैं।

पश्चिम उत्तर प्रदेश में इस बार मुद्दों की जगह सत्ता और दल में जातीय भागीदारी की जंग ने ले ली है। लोकसभा के लिए टिकट बंटवारे के दौरान क्षत्रिय आक्रोश की जमीन तैयार हुई थी। क्षत्रिय समाज की नाराजगी है कि बीजेपी लगातार उनकी अनदेखी कर रही है और उनकी सीटें काटकर दूसरी जातियों को दे रही है।
बीजेपी ने गाजियाबाद से जनरल वीके सिंह की जगह अतुल गर्ग को टिकट दिया था। यही से क्षत्रिय समाज का गुस्सा भड़का। वहीं दूसरी ओर सरधना के पूर्व विधायक संगीत सोम और मुजफ्फरनगर के सांसद डा. संजीव बालियान के बीच तनाव अलग भड़का हुआ है।
दरअसल 2022 के चुनाव में संगीत सोम सरधना से हार गए थे। संजीव बलयान पर आरोप लगा कि उनकी वजह से ही संगीत सोम को जाट वोट नहीं मिले। अब संजीव बलयान चुनाव में खड़े हैं तो संगीत सोम को मौका मिल गया है।
हालांकि दोनों नेताओं के बीच इस विवाद को निपटाने के लिए खुद सीएम योगी आगे आए। उन्होंने बालियान और सोम को साथ बिठाया। हालांकि फिर भी ये नाराजगी दूर नहीं हो पा रही है। अब गुरुवार को सीएम योगी एक बार फिर से क्षत्रिय बहुल इलाके में जनसभा में ये नाराजगी दूर करने की कोशिश करेंगे।
उधर गाजियाबाद सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने इस बार अतुल कुमार गर्ग को उम्मीदवार बनाया है। गाजियाबाद सीट पश्चिमी उत्तर प्रदेश की एकमात्र सीट है जहां पिछले कई दशकों से कोई राजपूत उम्मीदवार जीतता आ रहा है। कई दशकों से राजपूत उम्मीदवारों का गढ़ होने के बावजूद बीजेपी ने एक बनिया उम्मीदवार को टिकट दे दिया है।
लेकिन इस बार बीजेपी ने यहां से राजपूत प्रत्याशी का टिकट काट अन्य जाति के उम्मीदवार को टिकट दिया है। इससे राजपूत नाराज हैं। उनमें असंतोष पैदा हो गया है। यहां के राजपूत समुदाय के लोगों की नाराजगी दूर करने के लए बीजेपी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को आगे किया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गाजियाबाद निर्वाचन क्षेत्र में लगभग 5.5 लाख मुस्लिम, 4.7 लाख राजपूत, 4.5 लाख ब्राह्मण, 2.5 लाख बनिया, 4.5 लाख एससी, 1.25 लाख जाट, एक लाख पंजाबी, 75,000 त्यागी, 70,000 गुर्जर हैं और पांच लाख अन्य शहरी समुदाय के मतदाता हैं।












Click it and Unblock the Notifications