शादी करने के लिए जा रहा था प्रेमी युगल, कोर्ट के बाहर से प्रेमिका का अपहरण
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद कचहरी परिसर से दिनदहाड़े एक युवती का अपहरण कर लिया गया। बता दें कि अपहरण एसएसपी कार्यालय से मात्र बीस मीटर की दूरी पर हुआ। युवती के अपहरण में हंगामे के दौरान मौके पर वकील भी जमा हो गए। लोगों के जमा होने के बाद भी आरोपी युवती को उठा ले जाने में कामयाब हो गए और प्रेमी सड़क पर शोर मचाता रह गया।

जानकारी के अनुसार, मुरादाबाद कचहरी परिसर में एक स्लेटी रंग की कार आकर रुकी। कार सवार कुछ महिलाएं और पुरुष एक युवती को खींच कर कार में ले गए और जबरदस्ती उस युवती को अंदर धकेल दिया। वहीं मौके पर खड़ा एक युवक इस भीड़ का विरोध करता रहा, लेकिन वह अकेला होने के कारण कुछ नहीं कर सका। कचहरी परिसर में शोर सुनकर वकील मौके पर आ गए और कार को चारों तरफ से घेर लिया। दो-तीन लोगों को कार से उतार कर पकड़ भी लिया।

वहीं, प्रेमी अपनी प्रेमिका को छुड़ाने का प्रयास करता रहा, लेकिन सफल नहीं हो सका। बता दें कि कार भीड़ को चीरती हुई मौके से फरार हो गई। इसी बीच थाना सिविल लाइन पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आरोपी पक्ष के एक युवक को मौके से पकड़ लिया और थाने ले गई। दरअसल पड़ोसी जनपद रामपुर के रहने वाला महेश सैनी अपनी प्रेमिका किरण के साथ कोर्ट मैरिज करने के लिए मुरादाबाद कोर्ट आया था। दोनों के मुरादाबाद कोर्ट पहुंचने की सूचना प्रेमिका के परिजन को मिल गई। सूचना पर प्रेमिका के परिजन वहां पहुंचे और प्रेमिका को अपने साथ जबरदस्ती ले गए।












Click it and Unblock the Notifications