Kanwar Yatra 2025: यूपी पुलिस की हाईटेक निगरानी में ड्रोन, CCTV और 24 घंटे कंट्रोल रूम से रियल टाइम मॉनिटरिंग
Kanwar Yatra 2025: कांवड़ यात्रा 2025 के दौरान उत्तर प्रदेश पुलिस ने सुरक्षा के मोर्चे पर इस बार अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। पहली बार यात्रा की निगरानी डीजीपी मुख्यालय से रियल टाइम पर होगी। डीजीपी राजीव कृष्ण के निर्देश पर यात्रा मार्ग पर लगाए गए हाई-टेक ड्रोन और कैमरों की लाइव फीड सीधे लखनऊ स्थित कंट्रोल रूम तक पहुंचेगी।
यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि को रोकने के लिए सोशल मीडिया की भी 24 घंटे मॉनिटरिंग की जाएगी। इसके लिए आठ सदस्यीय एक विशेष टीम गठित की गई है, जो फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हो रहे कंटेंट पर नजर रखेगी।

राज्य मुख्यालय पर बने कंट्रोल रूम में एक अलग टीम लगातार सभी माध्यमों-सीसीटीवी, यूपी 112 और स्थानीय इंटेलिजेंस से मिल रहे इनपुट्स की निगरानी करेगी। हर सूचना का विश्लेषण कर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
हाईटेक निगरानी का चाक-चौबंद इंतजाम
पूरे कांवड़ मार्ग पर 29,454 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जो हर गली और चौराहे की निगरानी करेंगे। संवेदनशील इलाकों में 395 ड्रोन कैमरे लगातार गश्त करते रहेंगे। इन डिवाइसों की लाइव फीड से कंट्रोल रूम हर वक्त अपडेट रहेगा।
यात्रा के दौरान किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह को तुरंत चिन्हित करने के लिए सभी शिविरों और विश्राम स्थलों की एंटी सेबोटाज जांच कराई गई है। उसके बाद वहां कैमरे लगाए गए हैं ताकि सुरक्षा में कोई चूक न हो।
बड़ी संख्या में सुरक्षाबल की तैनाती
इस बार यात्रा में 587 राजपत्रित अधिकारी, 2040 इंस्पेक्टर, 13,520 सब-इंस्पेक्टर, और 39,965 हेड कॉन्स्टेबल व कांस्टेबलों की तैनाती की गई है। इसके अलावा महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 1,486 महिला एसआई और 8,541 महिला सिपाही ड्यूटी पर रहेंगी।
50 कंपनियां केंद्रीय बल और पीएसी भी तैनात की गई हैं। साथ ही, 1,424 होमगार्ड्स को अलग-अलग स्थानों पर लगाया गया है। राज्य पुलिस बल के साथ-साथ आरएएफ, क्यूआरटी और एटीएस की टीमें भी सक्रिय रहेंगी।
डीजीपी कार्यालय ने बताया कि यात्रा के शांतिपूर्ण संचालन के लिए यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के पुलिस अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित किया गया है। इसके लिए एक विशेष वॉट्सऐप ग्रुप बनाया गया है।
इस ग्रुप के माध्यम से मार्ग की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक डायवर्जन और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं रियल टाइम में साझा की जाएंगी। किसी भी भ्रामक वीडियो या अफवाह को आपसी समन्वय से तुरंत खंडित किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर सक्रिय निगरानी टीम वायरल वीडियो, फोटो और भ्रामक पोस्ट को ट्रैक करेगी और उनके तथ्यों की पुष्टि करेगी। गलत जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications